- प्रभारी ने बताया ईसापुर में हो रहा पशुओं का टीकाकरण
जौनपुर धारा, जौनपुर। स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस सेवा की तर्ज पर क्षेत्र में पशु चिकित्सा के क्षेत्र में सेवा देने आई टोल फ्री नम्बर 1962 की मोबाईल वेटेरनरी यूनिट क्षेत्र में हवा हवाई साबित हुई है। उसकी उपयोगिता की सच्चाई जानने के लिए शनिवार को जब प्रयास किया गया तो यूनिट प्रभारी धरातल से कोसों दूर नजर आए। बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा पशु चिकित्सा के क्षेत्र में दरवाजे पर ही पशुओं को चिकित्सकीय सेवा देने के लिए पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण योजना के तहत उक्त यूनिट को लाया गया। लेकिन शनिवार की जांच-पड़ताल में उक्त यूनिट क्षेत्र के लिए महज हवा हवाई साबित हुई। जब यूनिट प्रभारी डाक्टर अवधेश कुमार सिंह से अब तक के दिए गए सेवा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने अब तक सवा दो महीने में पैंतालीस गांवों के भ्रमण कर पशुओं को चिकित्सकीय सेवा देने की बात बतायी। शनिवार को जब लोकेशन की जानकारी मांगी गई तो पहले उन्होंने क्षेत्र के भगासा गांव में टीकाकरण कार्य में कार्यरत बताया, जबकि सूत्रों की मानें तो वहां पूर्व में ही टीकाकरण कार्य हो चुका है। वहीं ग्राम प्रधान भगासा रामप्रकाश दूबे ने उक्त यूनिट के दर्शन तक से भी अनभिज्ञता जाहिर की। अब ऐसे में प्रधानमंत्री की पशु सेवा के क्षेत्र में लागू उक्त योजना धरातल पर कितना कारगर है, इसका आंकलन स्वयं लगाया जा सकता है। बहरहाल यह साबित हो रहा है कि प्रधानमंत्री की उक्त महत्वपूर्ण योजना क्षेत्र में हवा हवाई की स्थिति में है। वैसे पशुपालक उक्त टोल प्रâी नम्बर 1962 को डायल कर उक्त योजना का लाभ उठा सकते हैं।



