― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरमुठभेड़ में कुख्यात अपराधी दीपक के पैर में लगी गोली

मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी दीपक के पैर में लगी गोली

जौनपुर धारा, जौनपुर। रामपुर थाना पुलिस ने शनिवार की देर रात कोटिगांव दुबान में नहर पुलिया पर मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल 25हजार के इनामिया कुख्यात अपराधी दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से वांछित दीपक यादव के पास से चोरी की बजाज डिस्कवर मोटर साइकिल, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। एएसपी (ग्रामीण) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष चंदन राय पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि थाना क्षेत्र के ही मई गांव का निवासी कुख्यात इनामी बदमाश दीपक यादव चोरी की बाइक बेचने के लिए भदोही की तरफ से आ रहा है। पुलिस टीम ने धनुहां तिराहा के पास घेराबंदी कर ली। कुछ ही देर बाद संदिग्ध बाइक सवार तेजी से आता दिखा। पुलिस टीम ने टार्च की रोशनी कर रुकने का संकेत दिया। वह बाइक मोड़कर सुरेरी की तरफ भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर लिया। कोटिगांव दुबान नहर पुलिया पर वह बाइक समेत गिर गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम को लक्ष्य कर गोली चला दी। गोली थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। थानाध्यक्ष ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई जो उसके दाहिने पैर में घुटने के पास लगी। घायल दीपक यादव को पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाई। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लाई। थानाध्यक्ष ने बताया बरामद बजाज डिस्कवर बाइक के संबंध में चोरी का मुकदमा स्थानीय थाने में दर्ज था। काफी समय से फरार चल रहे दीपक यादव के विरुद्ध लखनऊ के गोमती नगर सहित विभिन्न थानों में 11मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 25हजार रुपये का पुरस्कार घोषित कर रखा था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी जमालापुर कश्यप कुमार सिंह, सिधवन चौकी प्रभारी शिव प्रकाश पाठक और हमराही पुलिस जवान रहे।

Share Now...