- शहर की सड़कों को गंदा कर रहे खुले कचरा वाहन
जौनपुर धारा, जौनपुर। नगर में सफाई के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा लाखों रुपये खर्च किया जा रहा हैं, बावजूद इसके कचरा लोगों को मुंह पर ही पड़ रहा है। खुले वाहन से ढोए जा रहे कचरे की गंध किसी को भी बीमार कर सकती है। कई बार लोग अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा कर लेते हैं और कचरे का वाहन काफी दूर निकलने के बाद ही आगे बढ़ते हैं। नगर में यह नजारा हर रोज दिखाई देता है। नगर पालिका कर्मचारी कचरे के वाहन पर तिरपाल डालने तक की जहमत नहीं उठाते। खुले में जा रहा कचरा उड़ता हुआ पीछे चलने वाले वाहन चालक और राहगीरों के मुंह पर आता है। वाहन कचरा उठाने के साथ रास्ते में फैलाते हुए भी जाते हैं। जबकि बार-बार कचरे को ढक कर ले जाने के निर्देश दिए जाते हैं लेकिन वाहन चालक इस तरफ ध्यान नहीं देते हैं।
नगर पालिका के खुले वाहन ही शहर को गंदा करने का काम कर रहे हैं। सुबह होते ही खुली ट्रैक्टर ट्रालियों से कचरा उठाने का काम प्रारंभ हो जाता है, जो दोपहर तक चलता है। इनमें लदा कचरा जगह-जगह गिर जाता है। इससे शहर में साफ-सफाई नजर नहीं आती है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हर महीने लाखों रुपये सफाई पर खर्च करती है। इसके बाद भी शहर साफ-सुथरा नजर नहीं आता है। नगर के सभी वार्डो से रोजाना बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा होता है। प्रशासन की ओर से सभी वार्डो से डोर टू डोर कूड़ा उठाये जाने का निर्देश है बावजूद इसके एक तो सफाई कर्मी लोगों के घरों के कुड़ा कलेक्ट करने की तो दूर छोड़िये नियमित रूप से झाड़ू लगाने की जहमद भी नहीं उठातें है। इन सभी के बीच सफाई कर्मचारी छोटे वाहन या ट्राली लेकर गली-गली से कूड़ा एकत्र कर बड़े वाहनों पर कूड़ा लादकर अन्यत्र ले जातें है। वाहनों में बिना तिरपाल से ढके ही कूड़ा ले जाया जा रहा है। नतीजा ब्रेक लगने या गड्ढे में वाहन फंसने पर पीछे चल रहे लोगों पर गंदगी गिर जाती है। ऐसा नहीं है कि अधिकारी इससे अनजान हैं, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। नगरवासियों का कहना है कि नगर पालिका के अधिकारियों को इस दुर्व्यवस्था पर ध्यान देने की आवश्यकता है। जानकारों की माने तो नगर पालिका परिषद नए वाहनों को खरीद कर खजाना खाली करने में लगी रहती है, यदि पालिका के अफसर चाहें तो पुराने वाहनों की मरम्मत कराकर उन्हें उपयोग में ले सकते हैं। यही नहीं, वे मरम्मत में ढके वाहन तैयार करा सकते हैं। पालिका ने जगह-जगह पर कूड़ेदान रखवा दिए, लेकिन कचरा उठान में पालिका की बेपरवाही नगर को बीमार कर सकती है। खुले वाहनों में कचरे को पालिका द्वारा टंचिग ग्राउंड पर डलवाया जा रहा है। कचरे से भरे वाहन शहर की जिस भी सड़क से गुजरते हैं तो दुर्गंध राहगीरों को परेशान कर देती है।



