- प्रबंधक, अध्यापक व नौकर को चाकू मारकर किया था लहूलुहान
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात हुये स्कूल प्रबंधक एवं पत्रकार तथा अध्यापक समेत कर्मचारी पर हुये जानलेवा हमले के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन, सर्जिकल ब्लेड एवं मोबाइल बरामद किया गया। मालूम हो कि बुधवार देर शाम साढ़े सात बजे अयोध्या मार्ग स्थित सेंट जार्ज पब्लिक स्कूल में प्रबंधक एवं पत्रकार चंचल जायसवाल, अध्यापक संतोष कुमार, कर्मचारी अंशदीप को आधा दर्जन बदमाश चाकू मारकर मरणासन्न कर भाग निकले थे। सरे बाजार हुई इस घटना से नागरिकों में बेहद आक्रोश था। हालांकि ट्रेनी पुलिस उपाधीक्षक देवेश सिंह ने इसे चुनौती मानते हुए सप्ताह के अंदर खुलासे का आश्वासन दिया था। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए चार दिन में ही खुलासा कर दिया। वाराणसी से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिसमें रवि प्रकाश गुप्ता निवासी प्रयागराज, दिव्यांशु सिंह एवं आशीष मोदनवाल वाराणसी को गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कार्पियो, सर्जिकल ब्लेड एवं मोबाइल बरामद किया गया है। बताया जाता है कि चंचल जायसवाल कई विश्वविद्यालयों से परीक्षा दिलाने का कार्य भी करते हैं। रवि प्रकाश की पत्नी अंशु गुप्ता एलएलएम में प्रवेश लिया था। जिस हेतु 92000/ हजार रुपए की फीस तय हुई जिसमें से रवि प्रकाश द्वारा पच्चीस हजार रुपए फोन पे से भेजा गया। बाकी 67 हजार रुपये देने में रवि प्रकाश आना कानी करने लगे। वहीं डिग्री देने का दबाव चंचल पर बनाया जा रहा था। लेकिन बगैर पैसा लिए वे मार्कशीट देने को तैयार नहीं हुए। बताया जाता है कि छह माह पूर्व इस बावत चंचल को धमकी भी मिल चुकी थी। अंतत: घटना को निर्मम ढंग से अंजाम दे दिया गया। वहीं पुलिस का मानना है कि तफ्तीश में अन्य लोगों का नाम भी प्रकाश में आया है। उन्हे भी जल्द कब्जे में लिया जायेगा। वहीं घटना के वक्त सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर अपराधी उठा ले गये थे। उसे पुलिस बरामद नहीं कर पायी है। महज पैसे को लेकर इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया लोगों के गले नहीं उतर रहा है।



