जौनपुर धारा, जौनपुर। लाइन बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा, एसआइ सुधीर कुमार व उनके हमराहियों ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के मदारपुर लिंक रोड से उसी गांव के निवासी लवकुश सरोज को संदिग्ध स्थिति में खड़ा देख पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक कारतूस व 315 बोर का तमंचा मिला। वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपित का चालान कर दिया।
- युवती प्रेमी के साथ फरार
जौनपुर धारा, जौनपुर। पवांरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत एक गांव निवासी महिला ने थाने पर प्रार्थना पत्र दिया कि बीती रात्रि करीब दस बजे मेरी बेटी (18) घर से गायब हो गयी। मैं व मेरे परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन किया लेकिन कहीं पता नहीं चला। बाद में पता चला कि ग्राम डढ़वा मोहखरी थाना-पट्टी जिला-प्रतापगढ़ के एक युवक के साथ चली गयी है। घर से जाते समय दस हजार रुपये व गहने भी साथ में लेकर गयी है। पुलिस तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गयी है।
- नशीले पदार्थ के साथ एक आरोपित चढ़ा पुलिस के हत्थे
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत दादर पुल से पुलिस ने एक आरोपित को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर सम्बंधित धारा में चालान भेज दिया। क्षेत्र के गौसपुर गांव निवासी आसिफ पुत्र मुजफ्फर को शुक्रवार की रात कोतवाली निरीक्षक सदानंद राय ने हमराहियों के साथ मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। उक्त आरोपित के पास से 60 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान भेज दिया। पूर्व में भी पशु क्रूरता व आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
- दीवानी न्यायालय के समय में परिवर्तन
जौनपुर धारा, जौनपुर। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, रीता कौशिक ने अवगत कराया है कि माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के द्वारा माह मई एवं जून में इस जजशिप के न्यायालयों/कार्यालयों का समय निर्धारण हेतु प्राप्त पत्र के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश, जौनपुर द्वारा पारित प्रशासकीय आदेश द्वारा माह मई व जून 2023 में जनपद न्यायालय के खुलने व कार्य होने की दशा में जनपद न्यायालय जौनपुर के न्यायालयों एवं कार्यालयों का समय निम्न प्रकार से निर्धारित किया गया। न्यायालय का समय प्रात: 7 बजे से अपरान्ह् 1 बजे तक, जिसके मध्य 10.30 बजे से 11.00 बजे तक लंच का समय होगा। कार्यालय का समय प्रात: 6.30 बजे से अपरान्ह् 1.30 बजे तक, जिसके मध्य 10.30 बजे से 11 बजे तक लंच का समय होगा।
- फेल होने पर विषाक्त पदार्थ खाने वाले छात्र ने दम तोड़ा
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। परीक्षा में फेल होने के बाद हताश होकर बीते मंगलवार को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लेने वाले कुछमुछ गांव निवासी छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार के लोग आहत हैं। गांव के चंद्रेश मिश्रा के 18 वर्षीय पुत्र युवराज मिश्रा ने माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। मंगलवार को नतीजा आया तो खुद को अनुत्तीर्ण देख युवराज मिश्रा हताश-निराश हो गया। उसके गुमसुम होने को स्वजन ने गंभीरता से नहीं लिया। उसी दिन देर रात युवराज ने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन को पता चला। आनन-फानन उसे ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी भेज दिया था। बीएचयू में उपचार के दौरान युवराज की शुक्रवार की रात युवराज ने दम तोड़ दिया।



