- बुहा के घर रहकर रिशु बीएससी द्वितीय वर्ष की कर रहा था पढ़ाई
- जांच पड़ताल में जुटी पुलिस, घर से कुछ दूर जाकर लौट आया खोजी कुत्ता

जौनपुर धारा, जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन जरौना के पश्चिम तरफ व थाना से लगभग 400 मीटर दूरी पर मेदपुर बनकट गांव निवासी युवक का शव रेलवे लाइन के बगल मिलने से सनसनी फैल गयी। सूचना पाते ही पुलिस व क्षेत्राधिकारी मछलीशहर अतर सिंह मौके पर पहुंच जांच पड़ताल करने में जुट गए। प्रारम्भिक जांच मे हत्या की आशंका पुलिस जता रही है।
गुरुवार के दिन मेदपुर बनकट गांव निवासी रिशांक सिंह उर्फ रिशु (24) पुत्र संजय सिंह ज्ञानपुर अपनी बुआ के यहां रहकर बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। कालेज से लौटते समय देर शाम होने पर उसने घर फोन करके बता दिया कि वह दो घंटे में घर पहुंच जायेगा। देर होने पर स्वजन ने उसके मोबाइल पर संपर्क करना चाहा लेकिन फोन नहीं उठा। स्वजन खोजबीन करते हुए घर से थोड़ी दूर पूरब तरह रेलवे लाइन के बगल पहुंचे तो वह गम्भीर हालत में पड़ा मिला। आनन फानन में स्वजन उपचार के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रोते बिलखते स्वजन शव को लेकर घर पहुंचे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष व डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच आवश्यक जांच पड़ताल करते हुए उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। क्षेत्राधिकारी मछलीशहर अतर सिंह पहुंचे और फोरेंसिक टीम व डॉग स्वायड टीम को सूचित कर आवश्यक जांच पड़ताल करने में जुट गए। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े 6 बजे फोरेंसिक टीम व शौर्य नामक खोजी कुत्ता कुछ दूर तक जाकर लौट आया। माता कंचन देबी दहाड़े मारकर रोते हुए बेसुध हो जा रही है। घटना से घर का चिराग बुझ गया। दो बेटी साक्षी व स्वाति हैं। पुलिस को घटनास्थल से स्कूटी, पर्स बरामद हुआ। मृतक के सिर पर गहरे प्रहार के साथ कमर व पैर में गम्भीर चोट के निशान हैं। फोरेंसिक टीम की जांच के बाद शव पुलिस को ले जाने से स्वजनों ने रोक दिया। मामले के खुलासे की मांग की। इस दौरान उपस्थित थानों की पुलिस फोर्स, व क्षेत्राधिकारी मछलीशहर अतर सिंह समेत अन्य अधिकारियों की टीम लाचार नजर आई। स्वजन शव रख पुलिस कप्तान के आने की मांग करते रहे। 10 बजे मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण शैलेन्द्र सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों व परिजनों को शीघ्र ही घटना का खुलासा किये जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मीरगंज थाने में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर खोजबीन के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं जो अपना काम शुरू कर चुकी हैं। उन्होंने शीघ्र ही अपराधियों के पकड़े जाने का आश्वासन देकर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।



