’’बॉक्सिंग खिलाड़ियों का प्रशिक्षण प्रारम्भ’’
जौनपुर धारा, जौनपुर। क्रीड़ा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि खेल निदेशालय उ0प्र0, लखनऊ द्वारा इन्दिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्दीकपुर में बॉक्सिंग प्रशिक्षक शशि कुमार यादव की तैनाती की गयी है। बॉक्सिंग खेलने के इच्छुक खिलाड़ी प्रातः व सायंकालीन प्रशिक्षण सत्र में शशि कुमार (9125833690) से सम्पर्क स्थापित कर अपना पंजीकरण कराते हुए प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। यहां यह भी सूचित करना है कि पूर्व से स्टेडियम में फुटबाल, वॉलीबाल, तलवारबाजी, कबड्डी, खो-खो एवं एथलेटिक्स का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा।
नीलगाय से लड़कर बाइक सवार शिक्षक हुआ घायल
जौनपुर धारा, सुइथाकला। मंगलवार शाम बिजेथुवा धाम से दर्शन कर वापसी में नीलगाय से लड़कर बाइक शिक्षक सवार घायल हो गया। आनन-फानन में उन्हे उपचार हेतु जौनपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उपचार के बाद हालत ठीक बताते हुए घर वापस भेज दिया।
बताया जाता है कि शिक्षा क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय सवायन पर तैनात खुटहन थाना क्षेत्र के डिहिया गांव निवासी अमित सिंह मंगलवार शाम दर्शन हेतु बिजेथुवा धाम गए थे। वापसी के दौरान वह क्षेत्र के बसौली गांव के पास पहुंचे ही थे कि अचानक सड़क पर आए नीलगाय से लड़कर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा राहत पहुंचाते हुए आनन फानन में जौनपुर स्थित एक चिकित्सालय ले जाया गया। वहां पर चिकित्सक द्वारा जांच-पड़ताल के बाद उपचार करते हुए हालत ठीक देखते हुए घर के लिए वापस भेज दिया।
घायल श्रमिक की उपचार के दौरान मौत
जौनपुर धारा, जौनपुर। आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के गोडहरा गांव में बाइक की चपेट में आने से घायल श्रमिक की उपचार के दौरान मौत हो गई। बहराइच जनपद के बेहडा थाना क्षेत्र के दललापुर गांव निवासी तीरथ 60 वर्ष जल निगम के चलने वाले ठेके में काम करने के लिए वर्धा थाना क्षेत्र के उक्त गांव में काम कर रहा था। मंगलवार शाम को लगभग 6:00 बजे वह पैदल बाजार में सामान लेने जा रहा था। पीछे से तेज गति व लापरवाही से चलता हुआ बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दिया। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां उपचार के दौरान आज तड़के उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोबाइल चोर चढ़ा चिकित्सक के हत्थे, हुआ पुलिस के हवाले
जौनपुर धारा, शाहगंज। बुधवार सुबह एक मोबाईल चोर उस समय चिकित्सक के हत्थे चढ़ गया। जब वह स्थानीय सीएचसी पर मोबाइल चोरी कर रहा था। उसको चोरी करते रंगे हाथ पकड़ कर चिकित्सक ने पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह उक्त सीएचसी पर तैनात दंत चिकित्सक आनंद कुमार मरीज देख रहे थे, उसी दौरान मरीज के पाकेट से मोबाइल चुरा रहे एक युवक को रंगे हाथ पकड लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम दिलीप पुत्र गुड्डू निवासी दादर पुल के नीचे का बताया। चिकित्सक ने पीड़ित मरीज को मोबाइल सुपुर्द करते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया।उक्त घटना सीएचसी परिसर में चर्चा का विषय बन गया।
मारपीट में दुकानदार हुआ घायल
जौनपुर धारा, जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के अख्खीपुर गांव में एक दुकानदार को उस समय भारी पड़ गया। जब गाँव स्थित दुकान पर दो गुटों में हुई मारपीट में बीच बचाव का कार्य किया। मनबढ़ों ने उसे ही मंगलवार की रात पीटकर घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के उक्त गांव निवासी दयाशंकर यादव (40) पुत्र बंसराज यादव गांव में चाय की दुकान चलाता है। मंगलवार को वह दुकान पर बैठा हुआ था कि उसी वक्त बगल के मडवां गांव के मनबढ युवकों ने दुकान पर मारपीट कर लिए। जब दुकानदार बीच बचाव करने लगा तो उक्त मनबढ उसे ही पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने इलाज के दौरान हालत गंभीर देखकर उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
केशरी पहलवान ने मिर्जापुर के लल्लू को दी पटखनी
जौनपुर धारा, जौनपुर। मीरगंज क्षेत्र के भटहर गांव में पुरानी परम्परा को कायम रखते हुए भटहर बाग में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। जिसमे बिहार, गया, बनारस, बलिया, मिर्जापुर, मेरठ, पंजाब, जौनपुर, गोरखपुर, कानपुर आदि स्थानों से आकर पहलवानो ने अपने अपने दांव पेंच की जोर आजमाइस किया। बुधवार के दिन दोपहर ढाई बजे से उक्त बाग में क्षेत्र सहित आस-पास के इलाकों से भीड़ इकट्ठा होने लगी। जिसमे कुल 19जोड़ी पहलवानो की कुश्ती हुई। शुरूआती कुश्ती में बनारस के पारस पहलवान ने मिर्जापुर के दिलावर पहलवान को आसमान दिखा दिया। इसी बिच गाजीपुर के लाले पहलवान ने जालौन के पहलवान पन्नेलाल को चित कर खूब वाहवाही लोटी। मिर्जापुर के जोखू पहलवान ने गया के पहलवान सुमेरू को चित कर दिया। इलाहाबाद झूसी से आये सोनू पहलवान ने गोरखपुर से आये जितेंद्र पहलवान को पटखनी दे दिया। पारस पहलवान ने दिल्ली के चंद्रिका पहलवान को पटखनी दिया। वही गोरखपुर की महिला पहलवान रोशनी ने कानपुर की महिला पहलवान रिया को आसमान दिखाया। तो बनारस की सरिता पहलवान ने कानपुर की उर्मिला को एव मेरठ की सिंटी ने पटना की पुष्पा को तथा जौनपुर की पुष्पा ने नेपाल की रूबी को आसमान दिखाकर चित कर दिया।



