― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरशाहगंज की बिटिया सुष्मिता ने वंदे भारत चला कर बढ़ाया नगर का...

शाहगंज की बिटिया सुष्मिता ने वंदे भारत चला कर बढ़ाया नगर का मान

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना

शाहगंज। नगर के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, कोरवलिया, भादी निवासी एवं सेंट थॉमस इंटर कॉलेज के गणित प्रवक्ता बीपी जान की सुपुत्री सुष्मिता ने वाराणसी में वंदे भारत ट्रेन चला कर संपूर्ण शाहगंज नगर वासियों  के दिलों में उत्साह का संचार कर दिया है। जिससे नगर का प्रत्येक रहवासी अपने आप में गौरवान्वित महसूस कर रहा है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी को चार नई वंदे  भारत  ट्रेनों की सौगात दिया। इन्हीं में महिला सशक्तिकरण मिशन 5 को और अधिक मजबूत करते हुए वाराणसी से खजुराहो वंदे भारत की लोको पायलट सुष्मिता की ट्रेन को स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में प्लेटफार्म नंबर 8 से स्वयं झंडी दिखाकर रवाना किया। और इसी के साथ ही सुष्मिता की यादों में कभी ना भूलने वाला एक अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री द्वारा स्वयं झंडी दिखाने से वह  अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। सुष्मिता की माता जी सावित्री देवी ने जौनपुर धारा संवाददाता शैलेश नाग  से बातचीत में बताया की सुष्मिता बचपन से ही मेधावी एवं तीव्र बुद्धि की थी और उसका समाज में कुछ अलग करने का मन था। तीन बहनों एवं एक भाई में दूसरे नंबर की सुष्मिता हमेशा से कुछ अलग करना चाहती थीं। उनकी बड़ी बहन गवर्नमेंट टीचर हैं, तीसरे नंबर पर भाई इलाहाबाद विश्वविद्यालय में तैयारी कर रहे है, और सबसे छोटी बहन बीएससी बी एड करके बीटीसी की तैयारी कर रही हैं। फिलहाल बिटिया की इस सफलता से संपूर्ण नगर एवं परिवार में हर्ष का माहौल है तथा लोगों द्वारा उनके घर पर बधाई देने वालों का  तांता लगा हुआ है।

Share Now...