- स्कूल चलो रैली को हरी झंडी दिखाकर बीएसए ने किया रवाना
जौनपुर धारा, सिकरारा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सोमवार को ब्लॉक के कम्पोजिट स्कूल सीहीपुर से ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में स्लोगन लिखे बैनर व तख्तियां लेकर बाजे गाजे के साथ बच्चे स्कूल से निकलकर जनक कुमारी वर्मा जूनियर हाईस्कूल पहुँचे जहाँ बच्चों को जलपान कराया गया। चौका बर्तन और सफाई फिर भी बिटिया करे पढ़ाई, एक भी बच्चा छूट गया संकल्प हमारा टूट गया जैसे बच्चो के नारों से पूरा क्षेत्र गूँज गया। लोग जगह जगह बच्चों को बिस्किट पानी देकर उनका उत्साह वर्धन करते रहे। प्रारम्भ में बीएसए डॉ. गोरख नाथ पटेल व बीईओ आनन्द प्रकाश सिंह ने सीहीपुर परिसर में सरस्वती प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलित कर अभियान की सफलता हेतु पूजन अर्चन किया। उन्होंने नव प्रवेशी बच्चों को रोली चंदन तिलक लगाते हुए उनके परिजनों को बुके देकर सम्मानित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि विगत सत्र में जौनपुर नामांकन के मामले में दूसरे स्थान पर था जिसमें शिक्षकों ने सराहनीय भूमिका निभाई थी। इस वर्ष भी आप सब गांवों के मजरों में व्यापक अभियान चलाकर अधिक से अधिक बच्चो को विद्यालय तक लाएं। कार्यक्रम के अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि नामांकन के मामले में शिक्षक अपने जिले को नम्बर एक बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। बीईओ आनन्द प्रकाश सिंह ने सभी का आभार ज्ञापित किया। प्रमुख रूप से सुशील उपाध्याय, सुनील सिंह, शैलेश चतुर्वेदी, मृत्युंजय सिंह, मंजु पाण्डेय, बबिता सिंह, अजय कुमार पाण्डेय, माधुरी जायसवाल, विनोद उपाध्याय, सुरेश यादव आदि रहे।


