जौनपुर धारा,जौनपुर। शिक्षा के क्षेत्र में इन्दिरा पूर्व माध्यमिक विद्यालय बूढ़ूपुर में बतौर प्रधानाध्यापक नियुक्त रोहित सिंह यादव का निलंबन सोमवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.गोरखनाथ पटेल के अनुमोदन के साथ ही पक्का हो गया। इस कार्रवाई के बाद से शिक्षा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। उक्त आदेश प्रधानाध्यापक द्वारा शिक्षक आचरण सेवा नियमावली के विरुद्ध कार्य करने पर लिया गया।
बता दें कि विगत बीस मार्च को उक्त विद्यालय के प्रबंधक द्वारा अनुशासनहीनता के आरोपी प्रधानाध्यापक रोहित सिंह यादव का निलंबन आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पास अनुमोदन के लिए भेजा गया था। जिसके सन्दर्भ में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.गोरखनाथ पटेल ने 21मार्च को मामले की जांच हेतु त्रि-स्तरीय जांच समिति का गठन कर जांच आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। तदोपरांत 12अप्रैल को जांच समिति द्वारा सौंपी गई जांच आख्या और पूर्व में प्रबन्ध समिति द्वारा लिए गए निर्णय के आधार पर प्रबंधक द्वारा किए गए निलंबन आदेश पर आखिरकार सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुमोदन का मुहर लग ही गया। अनुमोदन का मुहर लगने के साथ ही प्रधानाध्यापक का निलंबन पक्का हो गया। फिलहाल प्रधानाध्यापक के विरुद्ध इस कठोर कार्रवाई से शिक्षा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।



