― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरबकरीद आते ही शुरू हो गई बकरों की खरीदारी

बकरीद आते ही शुरू हो गई बकरों की खरीदारी

  • खरीदार मोल भाव में जुटे, आठ हजार से शुरू है कीमत

जौनपुर धारा, जौनपुर। बकरीद के त्यौहार को अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। ऐसे में लोग बकरों की खरीदारी भी शुरू कर दिए हैं। बकरे की कीमत इस बार महंगी होने के बावजूद भी लोग उत्साह के साथ खरीदारी कर रहे हैं। बकरा मंडी में कई तरह की नस्ल के बकरे मौजूद है, जिसकी लोग खरीदारी कर रहे हैं। व्यापारियों को इस बार अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है। नगर स्थित नवाब युसूफ रोड़ पर हमेशा की तरह बकरा मंडी लगाई गई है। जहां बकरे की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। बकरीद का त्योहार इस बार 29 जून को मनाया जाना है। बकरीद पर मुस्लिम समुदाय के लोग बकरा की कुर्बानी करते हैं। मंडियों में व्यापारी बकरे लेकर पहुंचने लगे हैं। मंडियां व बाजार सजने शुरू हो गए हैं। सोमवार को शहर स्थित बकरा मंडी में सैंकड़ों व्यापारी बकरों को लेकर पहुंचे। बकरा मंडी में आठ हजार से लेकर 60 हजार तक के बकरे मौजूद रहे। मंडी में आने वाले व्यापारियों का कहा कि जो लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं वह सिर्फ मोलभाव कर बाजार को टटोल रहे हैं। बकरों की खरीदारी मंगलवार से बढ़ने की उम्मीद है। बकरा बेचने आए एक व्यापारी ने बताया कि बकरे देहात के लोग 10 से 12 दिन पहले खरीद लेते हैं, जबकि शहर में लोग तीन से चार दिन पहले बकरा खरीदते हैं। कुछ लोग तो जब बकरीद को एक दिन बाकी रहता है तभी बकरा खरीदते हैं। इसकी बड़ी वजह ये है कि शहर के लोगों के पास जानवर को रखने की भी जगह नहीं होती है। नौपेडवा से बकरा बेचने आए एक व्यापारी ने बताया कि जैसे-जैसे बकरीद का त्यौहार नजदीक आ रहा है वैसे वैसे खरीदारों की भीड़ जुट रही है। बकरा खरीदने आए एक खरीदार ने बताया कि महंगाई बढ़ने के साथ-साथ बकरों के भी दाम बढ़े हैं। मंडी में जो बकरा पिछले वर्ष सात से नौ हजार रुपये में बिक रहा था। इस बार वह दस से 12 हजार रुपये में मिल रहा है। बकरा मंडी में 4–5 नस्ल के बकरे उपलब्ध हैं। तोतापरी बकरा हमेशा ज्यादा कीमत में बिकता है।

Share Now...