― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नज़र में…

खबरें एक नज़र में…

नहाते समय बालक नदी में डूबा, तलाश जारी

जौनपुर धारा, जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के चाचकपुर मोहल्ला स्थित कंकड़वाघाट पर सोमवार की सुबह नहाते समय एक बालक गोमती नदी में डूब गया। पुलिस गोताखोरों को लेकर तलाश में जुटी है। पास के बल्लोचटोला मोहल्ला निवासी सूरज कुमार का 11 वर्षीय पुत्र अंकुर कुमार लगभग 9.30 बजे गोमती नदी में नहाने गया था। नहाते समय असावधानीवश गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। खबर लगते ही मय फोर्स मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने गोताखोरों को बुलवाया। गोताखोर बालक को ढूंढने में लगे हुए हैं।

बाइक सवार देवर भाभी सहित चार घायल

जौनपुर धारा, बदलापुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पहेतियापुर पुल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक ही बाइक पर सवार देवर भाभी उनके दो बच्चे घायल हो गए। आस-पास के लोगों की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। कोतवाली क्षेत्र के पूरालाल गांव निवासी भारतीय निगम अपनी 5 वर्षीय बेटी सौंम्या और 2 वर्षीय बेटी आराध्य को लेकर देवर विकास के साथ बाइक से बदलापुर के एक निजी स्कूल में एडमिशन करवाने के बाद वापस घर लौट रहे थे कि वह पहेतियापुर पुल के पास पहुंचे तभी एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक लेकर मार्ग पर गिरकर सभी घायल हो गए।

प्राथमिक विद्यालय परिसर में तेरही के आयोजन का वीडियो वायरल

जौनपुर धारा, केराकत। विद्यालय परिसर में तेरही कार्यक्रम के आयोजन का वीडियो वायरल हो गया है जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बीईओ मुकेश राय ने मामले की जांच कराने को कहा है। पूरा मामला स्थानीय ब्लॉक के परसौड़ी गांव का है। शिकायत है कि गांव के प्राथमिक विद्यालय की हेडमास्टर ने गांव के एक व्यक्ति की तेरही कार्यक्रम सम्पादित कराने की अनुमति दे दी। किसी ने वीडियो बना कर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। इस बारे में एबीएसए मुकेश कुमार राय से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि यह शासनादेश के खिलाफ है। मामले की जांच कराई जाएगी।

30 लीटर अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार

जौनपुर धारा, जौनपुर। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 30 लीटर अवैध शराब बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। बदलापुर थाने के एसआइ द्वारिका नाथ यादव व उनके हमराहियों ने रविवार को संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग के दौरान नेवादा मुखलिसपुर पुलिया के पास से सराय त्रिलोकी गांव के राघवेंद्र सिंह को 20 लीटर अवैध शराब के साथ पकड़ लिया। मड़ियाहूं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह व उनके सहयोगियों ने सोमवार को चेकिंग के दौरान रजमलपुर मोड़ के पास से बदौंवा गांव के दिनेश यादव को दस लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपितों का चालान कर दिया।

Share Now...