- होमगार्ड का जवान ढकवा में घायल
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला थाना क्षेत्र के विरैली गांव निवासी कंपनी में तैनात होमगार्ड जवान ड्यूटी पर जाते समय ढकवा में वाहन की चपेट में आने से गम्भीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे स्थानीय सीएचसी ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि उक्त गांव निवासी होमगार्ड सुनील वर्मा की ड्यूटी जनपद मुख्यालय जिलाधिकारी आवास पर लगी थी। होमगार्ड जवान घर से ड्यूटी के लिए ढकवा बाजार पहुंचा वहां से बस पकड़ने वाला ही था कि किसी वाहन की चपेट में आने से गम्भीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे सरकारी एम्बुलेंस से उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगरामऊं ले गए। जहां चिकित्सकों ने हालत गम्भीर देखकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सूचना मिलते हीं परिवार वालों के साथ हीं कई होमगार्ड के जवान भी जिला अस्पताल पहुंच गए। होमगार्ड जवानों की घर से दूर ड्यूटी लगाने पर लोगों में रोष व्याप्त है।
- साथी की विदाई में भावुक हुआ थाने का स्टाफ
जौनपुर धारा, खुटहन। स्थानीय थाने पर सीसीटीएनएस मुंशी के पद पर वर्षों से तैनात रहे राम सिया का स्थानांतरण शुक्रवार को रामपुर थाने पर हो गया। उनकी रवानगी के समय बिदाई समारोह का आयोजन किया गया। जहां पुलिस स्टाफ व अन्य गणमान्य जनों ने माला पहनाया व एक दूसरे के गले मिल भावुक हो गए। सेवा के दौरान राम सिया मृदुभाषी और फरियादियों संग बेहतर ब्यवहार करते रहे हैं। जिसके चलते लोग उन्हें भी सम्मान की नजर से देखते रहे हैं।
- शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न हुई बोर्ड बैठक
जौनपुर धारा, जौनपुर। नगर पंचायत जफराबाद में बोर्ड बैठक अध्यक्ष की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न हुई। बैठक में विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष उम्मे राहिला की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक शुरू हुई। अध्यक्ष व प्रभारी ईओ एसडीएम लाल बहादुर के सामने पुराने कार्यों की पुष्टी की गई तथा साफ-सफाई, पेयजल, इण्टर लॉकिंग, नाली, लाइटिंग आदि विकास कार्यो को करवाने पर चर्चा की गई। अध्यक्ष उम्मे राहिला ने बैठक में सम्बोधित करते हुए कहा कि नगर पंचायत के दसो वार्डो में एक समान विकास कार्य करवाया जाएगा। जिससे वार्डवासियों को सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिलेगा। इस दौरान प्रभारी ईओ एसडीएम लाल बहादुर, सभासद हीरामनी, सुनीता देवी, जगत नारायण, सुलाबी देवी, परवेज कुरेशी, रविकांत मोदनवाल, दिलशाद, शमा परवीन, सिद्दीका बानो, विनोद प्रजापति मौजूद रहे।
- ईवीएम एफएलसी कार्य
जौनपुर धारा, जौनपुर। जनपद में ई.वी.एम.के एफ.एल.सी.कार्य के लिए की गई तैयारी का जायजा लेने के लिये जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने जिला निर्वाचन कार्यालय में बने एफ.एल.सी कक्ष का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्देश दिया कि एफ.एल.सी.कार्य के लिए आए इंजीनियर को परिचय पत्र जारी कर दिया जाय और एफ.एल.सी. कार्य के दौरान कोई भी व्यक्ति इलेक्ट्रानिक डिवाइस के साथ प्रवेश न करे तथा सी.सी.टी.वी.हमेशा सक्रिय रहे। इस अवसर पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश चतुर्वेदी उपस्थित रहे।



