Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरस्कूल बाउंड्री वॉल घोटाला : डीपीआरओ, बीडीओ समेत पांच के खिलाफ मुकदमा...

स्कूल बाउंड्री वॉल घोटाला : डीपीआरओ, बीडीओ समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

  • कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

जौनपुर धारा, बदलापुर। विकासखण्ड के चंदापुर ग्राम सभा में स्कूल की बाउंड्री वॉल निर्माण के नाम पर लाखों के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। इस घोटाले में तत्कालीन जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अवर अभियंता, ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी पर धोखाधड़ी व सरकारी धन के दुरुपयोग का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में अदालत ने संज्ञान लेते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर 24मार्च 2025 को बदलापुर पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया। वादी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने आरोप लगाया कि चंदापुर प्राथमिक विद्यालय में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए 2 लाख 42 हजार रुपये बैंक खाते से निकाल लिए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ। इतना ही नहीं, मजदूरों के नाम पर भी फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये की हेराफेरी की गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने वादी की शिकायत पर गंभीरता से विचार करते हुए तत्कालीन डीपीआरओ नत्थू लाल गंगवार, बीडीओ धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, अवर अभियंता अजय सिंह, ग्राम प्रधान अश्मिता सिंह, सेक्रेटरी अनूप कुमार सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इन सभी पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, सरकारी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।इस घोटाले के उजागर होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है। बदलापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पहला मामला नहीं है जब सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार की शिकायतें आई हैं। ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस घोटाले की जांच में क्या नए खुलासे करती है और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।