जौनपुर धारा, मुंगराबादशाहपुर। अपनी पत्नी से मिलने ससुराल गये एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव फूलपुर के पास सिकंदरा रोड पर झाड़ी में मिला है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुहल्ला पकड़ी गोदाम निवासी सिकंदर (31) पुत्र जब्बार राईन सोमवार की रात करीब दस बजे अपनी ससुराल सिकंदरा फूलपुर (प्रयागराज) जा रहा था। वह मुंगराबादशाहपुर चौराहे से अपने एक परिचित के ट्रक पर बैठा और फूलपुर उतर गया। फूलपुर से वह अपनी ससुराल सिकंदरा जाने के लिए निकला लेकिन कुछ देर बाद घर के लोगों ने जब उसके फोन पर बात करनी चाही तो मोबाइल स्विच आफ मिला तो परिजन घबरा गये। इस दौरान ससुराल के लोगों से परिजन द्वारा सम्पर्क किया गया तो ससुराल के लोगों ने बताया कि सिकंदर राईन यहां अभी तक नहीं पहुंचा है। परिजनों को चिंता हुई और वह रात भर उसे खोजते रहे। मंगलवार की सुबह उसका शव फूलपुर सिकंदरा रोड पर एक झाड़ी में मिला। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई मुकद्दर राईन ने बताया कि मामला संदिग्ध है। इस संबंध में फूलपुर थाने में तहरीर दे गई है।
- सड़क के किनारे मिली लाश, छानबीन में जुटी पुलिस
जौनपुर धारा, जौनपुर। बुधवार की सुबह लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर प्रयागराज रोड पर सड़क के किनारे 40वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली है। पुलिस के अनुसार मृतक का रंग सांवला कद औसत और वह काले रंग की शर्ट व लोवर पहने हुए हैं। पुलिस ने लाश को सड़क के किनारे रखकर काफी देर तक पहचान करने का प्रयास किया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।
- दो गुटों में हुई चाकूबाजी, दो घायल
जौनपुर धारा, मुफ्तीगंज। केराकत कोतवाली के मुफ्तीगंज गोवर्धन इण्टर कालेज के पास दो गुटों में तिरंगा लेकर जाते समय किसी बात को लेकर कहा सुनी हुई। कहा सुनी में बात इतनी बढ़ गयी कि चाकू चल गया जिसमें एक गुट के जमुवारी गांव निवासी तेज चौहान, उदियासन गांव निवासी लकी यादव को चाकू लग गया। सूचना पर चौकी प्रभारी बिद्यासागर सिंह घायलों को इलाज के लिए सीएचसी ले गये जहां डाक्टरों ने मरहम पट्टी कर जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार बाद में दोनों गुटों ने आपस में समझौता कर लिया।
- डकैती की योजना बनाते तीन गिरफ्तार
जौनपुर धारा, चंदवक। स्थानीय पुलिस ने डकैती की योजना बनाते तीन लोगों को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया। थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह हमराहियों संग गश्त कर रहे थे कि सुरागकशी पर मोढ़ेला से डकैती की योजना बनाते अशोक चौधरी पुत्र स्व. आत्मा निवासी चंदवक, सुरेन्द्र नाविक पुत्र स्व. महेश व सत्य नारायण नाविक पुत्र स्व. राज बिहारी निवासी सेमरी को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया।
- सड़क दुघर्टना में दो युवक घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत चिरैया मोड़ के समीप सड़क दुघर्टना में बाइक की आमने सामने भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। क्षेत्र के छबवा गांव निवासी 40 वर्षीय रामपाल विश्वकर्मा पुत्र प्रेम विश्वकर्मा मंगलवार को बाइक से शाहगंज आ रहा था कि चिरैया मोड़ के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक की भिड़ंत हो गई। जिसमें ताखा पूरब गांव निवासी 18 वर्षीय विवेक पासवान पुत्र तिलकधारी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां पर चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
- चोरी की बाइक व तमंचा के साथ तीन गिरफ्तार
जौनपुर धारा, खेतासराय। स्थानीय पुलिस ने बुधवार को तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की एक बाइक और एक तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ है। मुकदमा दर्ज करने के बाद तीनों आरोपितों का चालान न्यायालय भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि खुटहन रोड पर सरवरपुर मोड़ के पास चोरी की बाइक के साथ कुछ लोग खड़े हैं। वह वरिष्ठ उप निरीक्षक रामभवन यादव, उप निरीक्षक महंगू यादव, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव, संजय पाण्डेय, दिनेश यादव, अम्बिका यादव, कांस्टेबल विकेश चौहान के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस देख आरोपित भागना चाहे तो पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया। जबकि एक अारोपित मौका पाकर भाग लिया। उनके पास से चोरी की बाइक और एक तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम अमन गौतम पुत्र प्रकाश गौतम निवासी ग्राम शाहापुर, अभिमन्यु गौतम पुत्र संजय गौतम निवासी वार्ड नं. दो डोभी और सुरेन्द्र उर्फ बाबू पुत्र जियालाल निवासी वार्ड नं. एक सरवरपुर बताया। पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 21 जून को एक बाइक दीदारगंज रोड पर बस स्टैंड से और 27 जुलाई को एक बाइक जमदहां से चोरी किए थे। उसे कटवाकर बेचने के बाद पैसा आपस में बांट लिये। उनके पास से बिक्री का 4100 रुपए बरामद हुआ। इन बाइक चोरों के गिरोह ने 13 अगस्त को एक बाइक खुदौली से चोरी की थी। जिसे आजमगढ़ के सरायमीर थाने की पुलिस ने इनके साथी दीपक के साथ पकड़ लिया। पुलिस फरार एक बाइक चोर की तलाश कर रही है।



