जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला स्वास्थ्य शासी निकाय एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान की द्वितीय अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक का आयोजन गुरूवार को जिलाधिकारी अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में सभी कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा जिलाधिकारी द्वारा की गई। जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत विगत 3 महीनों में शून्य प्रसव कराने वाली समस्त आशाओं के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने हेतु जिलाधिकारी द्वारा समस्त ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी द्वारा चिकित्सा इकाइयों पर सभी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रखने के सख्त निर्देश दिए गए। मॉनिटरिंग एजेंसी डब्लूएचओ से फीडबैक लेकर टीकाकरण एवं अन्य कार्यक्रमों में लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने हेतु निर्देश दिया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की अब तक की तैयारियों की समीक्षा किया गया। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि समस्त ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, नोडल टीचर, नगर पालिकाओं के अंतर्गत सम्मानित नागरिकों, सफाई नायक एवं सफाई कर्मियों का शत-प्रतिशत संवेदीकरण कराया जाए। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी सहयोगी विभाग अपनी कार्य योजना के अनुसार अभियान के दौरान अपने दिए गए दायित्वों का निर्वहन करेंगे। विशेषत: पंचायती राज विभाग एवं नगर विकास विभाग स्वच्छता संबंधी कार्य जैसे नालियों की सफाई, झाड़ी की कटाई तथा दवाओं का छिड़काव कराना सुनिश्चित करेंगे। जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा मानिटरिंग का कार्य कराया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी एवं संचारी रोग अभियान के सहयोगी विभाग सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी जिला स्तरीय अधिकारी, सभी ब्लॉकों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।



