- इस पुनीत अवसर पर दो कन्याओं का हुआ विवाह
- शादी में दिए गए कई उपहार, वर वधु ने लिया आशीर्वाद
जौनपुर धारा, मुंगराबादशाहपुर। 122वर्ष से निरंतर चल रही ऐतिहासिक रामलीला में राम बारात का आयोजन हुआ। राम बारात जनता के लिए श्रद्धा और आकर्षण का केंद्र है, जिसे देखने सारा नगर बारात के रास्ते में घंटों खड़ा रहकर इंतजार करता है। यह राम बारात सोमवार देर शाम को राजसी ठाठ से निकली प्रभु श्रीराम की बारात, नगर के मुख्य मार्गांे से निकली जो रामलीला मैदान पहुंची। बाराती बनकर नगरवासी धन्य हो गये। नगर देर रात तक भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। राम बारात में पूर्व विधायक सुषमा पटेल और पालिकाध्यक्ष कपिलमुनि गुप्ता मुख्यरूप से शामिल हुए। ऐतिहासिक रामलीला समारोह में बीती रात भव्य, दिव्य राम बारात के नाम रही। भगवान राम अपने तीनों भाईयों समेत दूल्हे के रूप में रथ पर सवार होकर शहर में निकले तो शहर के गणमान्य लोग बाराती बनकर साथ हो लिए। नगरवासियों ने दूल्हे बनकर द्वार पर पधारे भगवान श्रीराम समेत चारों भाइयों की जगह-जगह आरती उतारी, जलपान, पुष्पवर्षा, इत्र व चंदन लगाकर से बारातियों का स्वागत हुआ। बारात में पालकी नुमा रथ की तरह सुसज्जित वाहनों पर देवता और राजसी वेशभूषा में राजे महाराजे बैठे। ऋषि-मुनि भी बारात में शामिल हुए। हर कोई इस दिव्य बारात को अपने मोबाइल में कैद कर लेना चाहता था। इससे पूर्व सुषमा पटेल पूर्व विधायक राम बारात में शामिल होने के लिए पहुंची और प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। रामलीला भवन पर भगवान राम दूल्हा बनाए गए फिर उन्हें हाथी पर बैठाया गया। हाथी पर उनके साथ लक्ष्मण, भरत व शत्रुघन भी सवार हुए। सारे बाराती समय से वहां पहुंच गए।भगवान शंकर, ब्रह्मा, विष्णु, गणेश, सरस्वती, लक्ष्मी आदि के रूप में आकर्षक परिधानों में बारात में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे, फिर राम बारात आगे बढ़ी। ढोल नगाड़ा बैंड बाजे की धुनों पर थिरकते बाराती मुख्य मार्ग से होते हुए राम बारात रामलीला मैदान पर पहुंची। जहां बारात का स्वागत राजा जनक के रूप में अध्यक्ष पशुपतिनाथ गुप्ता मुन्ना ने किया। विवाह की सारी रस्में देर रात तक चलती रहीं। बारात जब नगर की सड़कों से गुजरी तब घरों की छतों से लोगों ने पुष्प बरसाकर अपने आराध्य देव भगवान राम का स्वागत किया। बारात के रास्ते पर लोगों का भारी हुजूम दूल्हा बने राम को देखने के लिए लगा रहा। वहीं दो कन्याओं का विवाह भी विधि-विधान पूर्वक क्षेत्र के विद्धान पंडित के सिद्धार्थ नाथ त्रिपाठी द्वारा संपन्न कराया गया और उन्हें उपहार प्रदान कर मंगलमय जीवन की कामना की। वर वधु ने आशीर्वाद प्राप्त किया। दूसरी ओर पालिकाध्यक्ष कपिलमुनि ने रामलीला मैदान में कराए हुए इंटरलॉकिंग कार्य का लोकार्पण किया। जय श्रीराम के उद्घोष के बीच हजारों लोगों के बीच भीड़ को सुरक्षा प्रदान करने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद रहा।



