- सात नामजद पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जौनपुर धारा, शाहगंज। नगर के मुख्य मार्ग स्थित मिल्लत नगर निवासी एक महिला ने जिलाधिकारी को पत्रक सौपकर दबंगों द्वारा उसे घर से बाहर निकाल कर मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया। डीएम के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने सात नामजद समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। बीते रविवार को शमसुद्दीन की पत्नी साफिया ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में बताया की उनके पति ने साल 1990 में अशफाक अहमद से एक जमीन खरीदी थी। उसने व्यवसायिक उपयोग के लिए वहां कटरा बनवाया था। जिसके ऊपर बने रिहायशी मकान में उनका परिवार रहता था। पीड़िता का आरोप है की उसके पति और अशफाक के बीच दीवानी न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। बीते रविवार को अशफाक अहमद दो लोगों के साथ उसके घर पहुंचे और असलहे से आतंकित करने लगे। पति की गैरमौजूदगी में पीड़िता और उनकी बेटी को मारपीट कर घर में घुस गए और असलहा सिर पर सटाकर जबरदस्ती घर से बाहर निकाल दिया। आरोपियों ने सारे सामान के साथ घर पर कब्जा कर लिया और उनके घर में रह रहे लोगों को डरा धमका कर भगा दिया। घटना के कुछ देर बाद हल्का पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की बेटी को थाने ले गई। वहीं डीएम के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने सात नामजद एक अज्ञात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी।


