जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी की मछलीशहर इकाई की बहुप्रतीक्षित जिला कार्यसमिति की घोषणा कर दी गई है। जिलाध्यक्ष डॉ.अजय कुमार सिंह ने प्रदेश नेतृत्व की संस्तुति के बाद नई टीम का ऐलान किया, जिससे संगठन में नई ऊर्जा के संचार की उम्मीद जताई जा रही है।
जारी सूची में कुल 20पदाधिकारियों को शामिल किया गया है, जिसमें युवाओं को प्राथमिकता देते हुए सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। चार विधानसभा क्षेत्रों वाली इस इकाई में विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधित्व को संतुलित रूप से शामिल किया गया है। घोषित कार्यसमिति में सामान्य वर्ग के 7, पिछड़ा वर्ग के 10, अनुसूचित जाति के 2 तथा अनुसूचित जनजाति के 1 पदाधिकारी को स्थान दिया गया है। इससे संगठन की समावेशी नीति और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने की मंशा स्पष्ट होती है। पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नई कार्यसमिति का स्वागत करते हुए इसे संगठन को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया है। साथ ही आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
13 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
जौनपुर। शहर कोतवाली पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर 13 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को अहियापुर मोड पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मिले सुराग पर प्लास्टिक की तीन बोरियां लेकर जा रहे तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी में बोरियों से 13 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों में शहर कोतवाली के शाहगंज मंडी निवासी अमर कुमार गुप्त, जफराबाद थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी शिव शंकर व जलालपुर थाना के उकड़ीपुर गांव निवासी विजय कुमार सरोज हैं। पूछताछ में आरोपितों ने तस्कर कर लाकर गांजा की बिक्री करना स्वीकार किया। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में पुरानी बाजार पुलिस चौकी प्रभारी मंजय यादव, भंडारी पुलिस चौकी प्रभारी जयदीप कोल, कांस्टेबल विजय प्रताप व अरुण यादव रहे। एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपितों का चालान कर दिया।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘एआई मेड ईज़ी’ कार्यशाला
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आईईईई छात्र शाखा द्वारा ‘एआई मेड ईज़ीÓ कार्यशाला श्रृंखला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के नवीनतम तकनीकों और उनके व्यावहारिक उपयोगों से अवगत कराना रहा।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में विशेषज्ञों ने एआई के विभिन्न टूल्स और तकनीकों के प्रयोग पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही छात्रों को बताया गया कि आधुनिक दौर में एआई किस तरह शिक्षा, उद्योग और शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह आयोजन विश्वविद्यालय में चलाए जा रहे एआई जागरूकता अभियान के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का संचालन इंजीनियरिंग संकाय एवं संगणक विज्ञान विभाग के मार्गदर्शन में हुआ। विषय विशेषज्ञों ने छात्रों को एआई के विविध अनुप्रयोगों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया, जिससे प्रतिभागियों में तकनीकी समझ विकसित हुई। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं छात्रों को नई तकनीकों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य के लिए तैयार करती हैं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एआई से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। अंत में आयोजकों द्वारा प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
फायरिंग के आरोप में दो अभियुक्त गिरफ्तार, हथियार व बाइक बरामद
जौनपुर। सुजानगंज और महराजगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए फायरिंग के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सरायपड़री गांव में जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग के मामले में की गई। इस संबंध में पीड़ित अनुज मिश्रा की तहरीर पर सुजानगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोप था कि कुछ व्यक्तियों ने उन पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चलाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान प्रतापगढ़ बॉर्डर के पास संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक .32 बोर देशी पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस, .315 बोर का देशी तमंचा तथा एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दो वारंटियों को दबिश देकर घर से किया गिरफ्तार
जौनपुर। पुलिस ने रविवार को दबिश देकर दो वारंटियों को घर से गिरफ्तार कर लिया। सरपतहां थाना पुलिस ने सारी जहांगीर
पट्टी निवासी राम तीरथ जबकि बदलापुर थाना पुलिस टीम ने तियरा निवासी मुन्ना को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय चालान कर दिया। विचाराधीन मुकदमे में बार-बार आदेश के बाद भी हाजिर न होने पर दोनों के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
चेकिंग के दौरान 810 वाहनों का चालान, लगाया जुर्माना
जौनपुर। एसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान में शनिवार को 810 वाहनों का चालान कर जुर्माना लगाया गया। थानो व यातायात पुलिस टीम ने प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों व संवेदनशील मार्गों पर चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर यह कार्रवाई की।
गृह कलह के चलते विवाहिता ने खाया विषाक्त, मौत
खुटहन। लखनेपुर गांव में रविवार को गृह कलह के चलते एक विवाहिता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर इहलीला समाप्त कर लिया। मृतका की माता ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। खबर लिखे जाने तक थाने में किसी आरोपित के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पीएम हेतु भेज दिया।
गांव निवासी पन्नालाल प्रजापति की 32वर्षीय पत्नी रानी देवी जहरीला पदार्थ सेवन कर लेने से अचेत हो गई। उसे उपचार हेतु सीएससी बदलापुर लाया गया। जहां हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। स्वजन उपचार हेतु उसे डाक्टर वीएस उपाध्याय के अस्पताल में ले गए। जहां से उन्हें वाराणसी भेज दिया गया। रास्ते में रानी की मौत हो जाने पर रोते बिलखते स्वजन शव घर लेकर चले आए। मौके पर पहुंची मृतका की माता केवला देवी ने घटना की सूचना पुलिस को देकर पुत्री की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतका, दो पुत्रों 11 वर्षीय बादल और 8 वर्षीय देव की माता थी। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि सूचना के आधार पर शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। किसी भी आरोपित के खिलाफ तहरीर नहीं मिली है।
बक्शा उपकेंद्र में 23 मार्च को बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति
जौनपुर। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बक्शा से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। अधिशासी अभियंता वी. के. सिंह ने बताया कि 23 मार्च 2026 को उपकेंद्र पर 33 केवी सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) बदलने तथा अन्य आवश्यक मेंटेनेंस कार्य किए जाएंगे।
इस कारण बक्शा उपकेंद्र की नियमित सुबह की रोस्टिंग नहीं होगी। इसके स्थान पर विद्युत आपूर्ति 23 मार्च को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 5:00 बजे तक बाधित रहेगी। विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने दैनिक कार्यों एवं पानी भरने जैसे जरूरी काम सुबह 10:00 बजे से पहले ही पूरा कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। विभाग ने अस्थायी असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा की है।
सुजानगंज पुलिस ने वारंटी अभियुक्त को किया गिरफ्तार
जौनपुर। अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुजानगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सुजानगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वारंटी अभियुक्त आशीष कुमार बिन्द (31) पुत्र रामधनी, निवासी ग्राम मिश्रमऊ थाना सुजानगंज को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उक्त अभियुक्त के खिलाफ न्यायालय जौनपुर द्वारा मुकदमा संख्या 186/2023 में वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह एवं हेड कांस्टेबल कौशल कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत आगे भी वारंटियों की गिरफ्तारी जारी रहेगी।



