जौनपुर धारा, जौनपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर राह चलते तीन व्यक्तियों की असामयिक मौत हो गई। इनमें से एक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अंदेशा जताया जा रहा है कि लू लगने और गरमी के कारण इनकी जान गई। शाहगंज रेलवे स्टेशन के वाहन पार्किंग के पास मंगलवार को दिन में करीब तीन बजे सड़क किनारे 45वर्षीय राहगीर अचानक गिरा और बेहोश हो गया। वहां मौजूद वाहन चालकों ने उसे उपचार के लिए राजकीय पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया। डाक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। काफी प्रयास के बाद भी शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव जिला अस्पताल भेजकर मोर्चरी में रखवा दिया। सरायख्वाजा के उड़ली निवासी 55वर्षीय उमा शंकर गौतम जौनपुर शहर में रहकर रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार की दोपहर वह साइकिल से शहर से घर जा रहे थे। गड़ैला मार्ग होते हुए उमा शंकर गौतम जंगीपुर खुर्द गांव के पास पहुंचे तो अचानक साइकिल सहित सड़क पर गिर गए। जब तक कोई कुछ समझता मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पता चलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण साफ हो सकेगा। केराकत के सिहौली निवासी 45वर्षीय प्रदीप यादव आटोरिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार की शाम आटोरिक्शा में सवार लेकर जौनपुर से केराकत आते समय रास्ते में धर्मापुर के पास उनकी तबीयत अकस्मात खराब हो गई। प्रदीप ने अपना आटोरिक्शा रोककर सवारियों को दूसरे आटोरिक्शा में बैठाकर गंतव्य के लिए भेज दिया। खुद आटोरिक्शा पेड़ के छांव में खड़ा कर उसी में सो गए। करीब पांच बजे वहां से गुजर रहे किसी परिचित की नजर पड़ी तो उनके स्वजन को सूचना दी। स्वजन शाम सात बजे वहां पहुंचे और उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
― Advertisement ―
E-Paper 15-04-2026
JAUNPUR DHARA E-PAPER📅 Date: 15 April 2026 | 📍 Jaunpur, Uttar Pradesh💻 Website: www.jaunpurdhara.com
भीषण गर्मी के चलते तीन व्यक्तियों की असामयिक मौत

Previous article
Next article


