- बिजली 24 घंटे उपलब्ध कराए सरकार जिससे लोगों को मिले निजात
जौनपुर धारा, जौनपुर। आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी सांसद संजय सिंह के आह्वान पर रविवार को प्रदेश के सभी जिलों में बिजली कटौती को लेकर लालटेन जुलूस निकाला गया। इसी क्रम में जिला इकाई ने जिला अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह (मुन्ना) के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ लाइन बाजार से अम्बेडकर तिराहा तक लालटेन जुलूस निकाला गया। इस दौरान अघोषित बिजली कटौती पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गयी। जिला अध्यक्ष श्री मुन्ना ने इस मौके पर कहा कि प्रदेश में बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। जनता बिजली कटौती से त्राहिमाम कर रही है। पूरे प्रदेश में बिजली कटौती का संकट लोग झेल रहे हैं। गर्मी की वजह से अस्पतालों में लोग भर्ती हो रहे हैं और मौतें हो रही हैं। अकेले पूर्वांचल में सैकड़ों लोगों की मौतें हो चुकी हैं। अस्पतालों में भर्ती मरीज गर्मी से बेहाल होकर भाग रहे हैं और गर्मी के कारण तमाम बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। पार्टी की ओर से उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति कराई जाये जिससे इस भयंकर गर्मी से लोगों को निजात मिल सके और लोगों की मौतें न हों। गर्मी के कारण प्रदेश में जो मौतें हुई है उन मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाये और बिजली विभाग में रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरा जाये। धरना प्रदर्शन में प्रमुख रूप से डॉ. अनुराग मिश्रा, बंसराज दुबे, अनीता मिश्रा, वंदना मिश्रा, पूजा सिंह, डॉ. सुषमा मिश्रा, मोहम्मद साकिब, इस्लाम खान, रमाकांत चौबे, मोहम्मद रशीद, संजय मौर्य, वंशराज दुबे, संजय पाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



