- विदेशी महिला सहित सात पर मुकदमा दर्ज, 50 अज्ञात पर कार्यवाही
- आखिर किसकी अनुमति से नगर के होटल में सजी थी रंगीन शाम
जौनपुर धारा, जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में रविवार की रात शहर के कुछ धन पशुओं द्वारा शराब और बार-बालाओं के साथ अश्लील डांस की खबर पर भारी फोर्स के साथ पुलिस ने छापेमारी कर कई लोगों का हिरासत में ले लिया तथा विदेशी महिला सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया।

जिले के अतिव्यस्तम इलाके में रविवार को एक होटल के हॉल में अश्लील डांस और शराब पार्टी की सूचना पर सीओ सिटी के नेतृत्व में थाना लाइन बाजार, शहर कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की। छापामारी के दौरान 4 महिलाओं को अश्लील डांस और खुलेआम शराब पीते हुए दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। शराब और शबाब के बीच बार बालाओं के ठुमके देखने वालों में हड़कंप मच गया। यहां पर सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि नगर के मध्य स्थित होटल उत्सव मोटल में आखिर किसके संरक्षण में अश्लील डांस की इतनी बड़ी रंगीन शाम सजी हुई थी। हांलांकि लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित इस होटल में अश्लील डांस और शराब पार्टी की खबर पुलिस को मिलते ही पुलिस के कान खड़े हो गये और छापामारी की कार्यवाई हो गयी। इस अनैतिक कृत्य की खबर आते ही सीओ सिटी, लाइन बाजार, शहर कोतवाली पुलिस सहित महिला फोर्स और आबकारी विभाग की टीम ने होटल में छापा मारा तो होटल में चल रही पार्टी में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चार महिलाओं और कई पुरुषों को हिरासत में ले लिया।

इसके बाबत सीओ सिटी कुलदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि नगर के एक होटल में अश्लील डांस व शराब पार्टी चल रही है। इसके बाद लाइनबाजार थाने और कोतवाली पुलिस की टीम ने छापा मारकर देखा कि खुलेआम शराब और डांस की पार्टी चल रही है। पुलिस 4 महिलाओं और दो दर्जन से अधिक पुरुषों को हिरासत में लेकर थाने ले गई है। उनसे पूछताछ और जानकारी की। फिलहाल मौके से पुलिस को कुछ वीडियो भी मिले हैं। होटल के सीसीटीवी वीडियो भी पुलिस खंगाल रही है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की गई कि यह पार्टी क्यों आयोजित की गई थी और इसके पीछे कारण क्या है। इस मामले में विधिक कार्यवाई भी हो गयी। पुलिस की माने तो पकड़ी गई चार बार बालाओं में एक विदेशी बार बाला भी शामिल है। अब होटल के लाईसेंस आदि की छानबीन होगी पुलिस अधिकारी ने होटल के खिलाफ भी कार्रवाई का संकेत दिया है। छापेमारी के दौरान चार बार बालाओं और व्यवसायियों सहित तथाकथित संभ्रांत के खिलाफ धारा 147, 294, 188 एवं 14 सराय अधिनियम के तहत अजय कुमार गुप्ता, आशीष कुमार गुप्ता, महक उर्फ मेनका, रेखा, सपना, यूलिया रोगोजिकिना व बृजेश शुक्ला के खिलाफ विधिक कार्यवाई की गयी तथा तथा 50 अज्ञात लोगों के होने की भी बात बताई गई।
नगर के नामचीन भी थे शामिल…

बार बालाओं का डांस व अवैध ढंग से शराब पार्टी नगर के नामचीन लोग भी मौजूद थे। पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की गयी। उक्त प्रकरण में दर्ज मुकदमें के अनुसार अजय कुमार गुप्ता पुत्र गंगाराम गुप्ता के द्वारा उक्त पार्टी का आयोजन किया गया था। इस दौरान पार्टी में शामिल लगभग 50 लोग शराब के साथ ही लड़कियों के अश्लील डांस में मस्त पाये गये। उक्त पार्टी में बार-बालाओं के डांस और शराब के सेवन की पार्टी का कोई परमीशन भी नहीं था। इस अश्लील डांस में रूस की एक विदेशी महिला भी थी जिसने पूछताछ के दौरान अपना पासपोर्ट दिखाया।



