- नगरवासियों ने जयकारा लगा पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
- ओलंदगंज में आरती व प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन
जौनपुर धारा, जौनपुर। राम नवमी के पावन पर्व पर गुरुवार को बजरंग दल श्री रामनवमी शोभा यात्रा समिति द्वारा भंडारी स्टेशन स्थित श्री राम जानकी मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। इस शोभायात्रा में घोड़ा, ऊंट, बैंड बाजे, ढोल ताशे, डीजे के साथ साथ भगवान श्री राम लला की भव्य झांकियों को सुंदर ढंग से सजाया गया था।

शोभा यात्रा का शुभारंभ संरक्षक संतोष सेठ लंबू ने किया। इस विशाल जुलूस में जनसमूह के साथ साथ काफी संख्या में मातृ शक्तियां भी शामिल रहीं। जुलूस में शामिल कई अखाड़ों ने भी हैरतअंगेज प्रदर्शन कर लोगों को दांतो तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए सुतहट्टी बाजार, सब्जी मंडी, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा, शाही पुल, ओलंदगंज से होते हुए कजगांव पड़ाव स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर भगवान श्री राम की पूजा अर्चना कर समाप्त हो गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जगह-जगह पर स्वागत द्वार बनाया गया तथा जन समूह द्वारा जुलूसों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासन द्वारा विशेष सहयोग किया गया तथा नगर पालिका परिषद ने भी अपना योगदान दिया। श्री राम लला जन्मोत्सव मनाने में समिति के संस्थापक सुभाष गर्ग, श्रवण चौरसिया, विनोद केसरवानी, संरक्षक जिलाजीत सेठ, राजकुमार सेठ, मुन्नालाल सेठ, मनोज सोनी, संयोजक रंजीत अग्रहरि, अध्यक्ष सुधीर साहू, कोषाध्यक्ष अभय चौरसिया, कृष्णा सेठ, विजय गुप्ता (मास्टर), मानिक चंद्र सेठ, भानु जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपना विशेष योगदान दिया। शोभा यात्रा का संचालन बोल बम कांवरिया संघ द्वारा किया गया। नियंत्रण कक्ष से ध्वनि विस्तारक यंत्र का संचालन आलोक वैश्य ने किया। कार्यक्रम के अंत में समिति के अध्यक्ष सुधीर साहू ने मेले में शामिल श्रद्धालु भक्तजनों तथा प्रशासनिक अमलो द्वारा विशेष सहयोग प्रदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

राम नवमी पर हिन्दू संगठनों ने निकाला रामरथ की झांकी
जौनपुर धारा, जौनपुर। रामनवमी के अवसर पर आरएसएस, भाजपा, विहिप, हिन्दू युवा वाहिनी और बजरंगदल के द्वारा गुरुवार को शाम चार बजे श्रीराम भगवान की शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा हाशमी नगर के श्रीरामजानकी मंदिर से उद्घोष व भव्य आकर्षक झांकी के साथ निकाली गयी। घोड़े के साथ निकली इस शोभायात्रा में राम लक्ष्मण, जानकी व हनुमान जी के स्वरूप में रथों पर सजी भव्य आकर्षक झांकी देखने को लोग घरों से निकल पड़े। जब शोभायात्रा को देखने के लिये हजारों की संख्या में लोग जब भगवा पहनकर जय श्री राम के नारों के साथ सड़कों पर उतरे तो नगर भक्तिमय माहौल में झूम उठा। युवा हों या बुजुर्ग या हो महिलाएं, हर किसी का उत्साह देखने लायक था। इस शोभायात्रा में हर वर्ग के शमिल हुए बच्चों में अनोखा ही उत्साह था। शोभायात्रा हाशमी नगर से प्रारंभ होकर, रामलीला नरहन, काली मंदिर, शेखजादा होते हुए सिहौली चौराहे से मुख्य मार्ग से भ्रमण करते हुए सरायबीरु चौराहे से नरहन हनुमान मंदिर पर समाप्त हुआ। वहीं सुरक्षा व्यवस्था हेतु थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा भारी संख्या में पुलिस बल के साथ नगर में मुस्तैदी से चक्रमण करते नजर आये। इस अवसर पर सर्वेश दीक्षित, हंस कुमार सोनकर, अनिल सोनकर गांगुली, सामन सोनकर, कोमल सोनकर, अजय सोनकर शास्त्री, सूरज विश्वकर्मा, नितिन सोनकर व राजन सोनकर समेत तमाम युवा शामिल रहे।



