- विद्युत प्रभावित होने से तीन वाहनों में लगी आग
- उमस भरी गर्मी से बेहाल हुए लोग, पानी की हुई सबसे ज्यादा दिक्कत
जौनपुर धारा, जौनपुर। तड़के सुबह बिजली का तार टूट कर गिरने से दर्जन भर मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। तार के नीचे खड़े वाहनों को करंट ने अपनी चपेट में ले लिया। जिसकी वजह से वहां आग लग गई। बिजली चालू होने के कारण कोई आसपास जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा सका। घटना के बाद शोलगुल मचने पर नईगंज पावर हाउस से बिजली कर्मियों ने लाइट बंद किया तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। नईगंज पावर हाउस से प्रवाहित 11000 वोल्ट बिजली का तार रविवार को तड़के मुरादगंज में लगे खंभे से अचानक गिर गया। तार के नीचे एक मैजिक, एक पिकअप और एक दो पहिया वाहन खड़ा था। तार गिरने से तीनों वाहन में करंट प्रवाहित हो गया और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। तेज आवाज होने पर लोग अपने घरों से बाहर निकले लेकिन उसके पास जाने की हिम्मत कोई नहीं जुटा सका। आनन–फानन में आसपास के लोगों ने अपने परिवार को घरों से बाहर निकाल दिया कि कहीं घर में भी करंट प्रवाहित ना हो जाए। लोग जान बचाने के लिए लोगों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। सूचना मिलने पर जल्दी-जल्दी विद्युत विभाग ने लाइट को बंद कराया। लाइट बंद होने के कारण टाउन वन और टाउन नंबर दो के मोहल्ला कटघरा, कलीचाबाद, बदलापुर पड़ाव, नईगंज, दिलाजक, सिटी स्टेशन, रूहट्टा, अहमद खां मंडी, काली कुत्ति, तारापुर आदि मोहल्ले की लाइट न होने से लोग उमस भरी गर्मी में बिलबिल उठे। सबसे ज्यादा लोगों को पाने के लिए दिक्कत हुई। नहाने धोने के लिए पानी ना होने से लोग परेशान दिखे। दोपहर होते-होते लोगों के इनवर्टर भी जवाब दे दिए। लोग दिन भर पता करते रहे की लाइट कब आएगी। दिन में 2 बजे 10 मिनट के लिए लाइट आई तो लोग खुश हो गए कि अब लाइट रहेगी लेकिन 10 मिनट बाद लाइट फिर कट गई। बिजली कर्मी सुबह से ही लाइट बनाने के लिए लगे रहे फिर भी शाम 4 बजे तक विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी।

