जौनपुर धारा, जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र अंतर्गत बरईछाबीर गांव के समीप गोमती नदी में बुधवार की सुबह अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पहचान करने की कार्यवाही में जुटी है। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार नदी के ऊपर बने पुल से गुजर रहे राहगीरों की नजर गोमती नदी में तैरती हुई अज्ञात युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते घटना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई जिसके बाद गोमती नदी के आस पास लोगों की भारी संख्या में भीड़ इकठ्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची चंदवक पुलिस कड़ी मेहनत के बाद शव को नदी से बाहर निकाल अपने कब्जे में लेकर पहचान करने में जुट गई। खबर लिखे जाने तक अज्ञात शव की पहचान नहीं हो सकी थी। बता दें कि पिछले सप्ताह गुरुवार की शाम एचडीएफसी बैंक के संविदाकर्मी का शव गोमती पुल के नीचे मिलने से हड़कंप मचा हुआ था। पुलिस हत्या है या आत्महत्या इसकी गुत्थी सुलझाने में लगी हुई थी कि एक और अज्ञात युवक का शव गोमती नदी में मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं सोमवार की शाम कोइलारी मार्ग के अइलिया गांव के पुल के नीचे दो लोगों के शव मिले। हालांकि दोनों की मौत का कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से बताया गया। गौरतलब है कि दस दिन के अंदर चंदवक क्षेत्र में घटी घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
― Advertisement ―
E-Paper 19-04-2026
Jaunpur Dhara E-Paper 19 April 2026आज का जौनपुर धारा ई-पेपर पढ़ें और जिले की सभी प्रमुख खबरों से अपडेट रहें। इस अंक में आपको...
गोमती नदी में अज्ञात शव मिलने से मचा हड़कंप



