44 छात्रावासों में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रशिक्षक तैनात किया
जौनपुर धारा, करंजाकला। उ.प्र.शासन के निर्देश के अनुपालन में 15 खेलो तैराकी, वॉलीबाल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबाल, बैडमिण्टन, टेबुल-टेनिस, बास्केटबाल, कबड्डी, कुश्ती, बाक्सिंग, हैण्डबाल, जूडो एवं तीरन्दाजी के 44 छात्रावासों में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को जिन्हें विभिन्न छात्रावासों में प्रशिक्षक हेतु तैनात किया जाना उन्हें प्रतिमाह रू. 1.50 लाख मानदेय दिया जायेगा। ऐसे अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी जो प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए इच्छुक हों वे अपना 26 जुलाई तक जिला खेल कार्यालय अथवा क्षेत्रीय खेल कार्यालय वाराणसी अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। यह जानकारी क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने दी।
दबंगों ने युवक को पीटकर किया लहूलुहान
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत रफीपुर गांव में पुरानी रंजिश में दबंगों ने एक युवक को लाठी डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने उक्त घायल को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। क्षेत्र के रफीपुर गांव निवासी 28 वर्षीय राजेश प्रजापति पुत्र सुखराज को पुरानी रंजिश के चलते मंगलवार की देर रात बाजार से घर जाने के दौरान लाठी डंडे से पीटकर कर लहूलुहान कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उक्त घायल युवक को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहीं पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दे दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।
दो लड़कियां हुई फरार, मुकदमा दर्ज
जौनपुर धारा, जौनपुर। पवांरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत एक गांव में एक लड़की सोमवार को कॉलेज में एडमिशन कराने के बहाने निकली लेकिन घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पास-पड़ोस व रिश्तेदारी में काफी खोजबीन किया लेकिन कहीं पता नहीं चला। थक-हारकर लड़की की मां ने अज्ञात के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्जकर जांच-पड़ताल में जुट गयी है। वहीं उक्त थाना क्षेत्र के दूसरे गांव की एक लड़की 16 जुलाई की शाम घर से बिना बताये चली गयी और घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन किया लेकिन कहीं पता नहीं चला। बाद में पता चला की गांव का ही पंकज पटेल उसको बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस लड़की के पिता की तहरीर के आधार पर पंकज पटेल सहित 6 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गयी है।
तमंचा व कारतूस के साथ अभियुक्त गिरफ्तार
जौनपुर धारा, पवांरा। पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा के आदेश के अनुपालन में चलाये जा रहे अपराध की रोकथाम अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत बुधवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक मंजय यादव, हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार सिंह, आशीष यादव को साथ लेकर रज्जूपुर पुलिया के पास पहुंचे और एक अभियुक्त लवकुश पुत्र सूर्यबली निवासी बनकट को गिरफ्तार किया और उसके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद किया। पुलिस ने गिरफ्तार किये गये अभियुक्त लवकुश के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्जकर उसे जेल भेज दिया।
महिला ने खाया विषाक्त पदार्थ
जौनपुर धारा, शाहगंज। क्षेत्र के साहापुर गांव निवासी महिला ने परिवार की डांट फटकार से छुब्ध होकर बुधवार की सुबह घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर देखकर परिजनों ने उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। खेतासराय थाना क्षेत्र के साहापुर गांव निवासी 28 वर्षीय किरन पत्नी सुनील घर के परिजनों की डांट फटकार से छुब्ध होकर घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर देखकर परिजनों ने उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
क्षेत्रीय विधायक ने की आर्थिक मदद
जौनपुर धारा, मुफ्तीगंज। केराकत के विधायक तुफानी सरोज ने नदी में नहाते समय नवयुवक की मौत पर उसके मामा जंगली के घर पहुंच कर शोक ब्यक्त किया और पूरे परिवार को ढांढस बंधाया और आर्थिक मदद भी की। सखोई गांव निवासी शौकत का पुत्र सिरताज उर्फ गबड़ू रामपुर बाजार में अपने मामा जंगली के यहां रहकर सैलून की दुकान चलाकर अपने परिवार का जीवन यापन कर रहा था। क्षेत्रीय विधायक को सूचना मिलते ही रामपुर बाजार में पहुंच कर शोक ब्यक्त किया। नयपूरा के ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार उर्फ छोटू की पुत्री की बीमारी के चलते मौत हो गयी थी वहां पर भी पहुंच कर शोक ब्यक्त किया।
करेंट की चपेट में आने से महिला की मौत
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के कुकुहा गांव में बुधवार की सुबह विद्युत करेंट में आने से महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। गांव की रहने वाली मनिया देवी पत्नी रामपलट अपने घर के पास विद्युत पोल के पास से गुजर रही थी तभी करेंट की चपेट में आ गई जब तक आस पास के लोग मनिया देवी को छुड़ाते उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक राम शंकर पांडेय ने शव का पंचायत नामा करवा पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
डाकघर अभिकर्ता संघ ने मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
जौनपुर धारा, जौनपुर। डाकघर अभिकर्ता संघ द्वारा देश के प्रधानमंत्री को कुछ उचित मांगो को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया। महिला अभिकतार्ओं ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने के लिये प्रदेश सचिव श्रवण कुमार साहू, जिलाध्यक्ष राय सिंह, उपाध्यक्ष आलोक वैश्य, सरोज गुप्ता, महामंत्री चन्द्र प्रकाश मौर्य, शैल साहू, धर्मशीला शर्मा, चन्द्रावती शर्मा, सरिता ने मांग की कि नयी योजनाओं में भी उन्हें सम्मलित किया जाए और जो भी समस्याओं से जनता व अभिकर्ताओं को सर्वर के कारण दिक्कत उठानी पड़ती है उसमें सुधार होने के लिए आग्रह किया गया।



