अन्तर्जनपदीय इनामिया अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार
जौनपुर धारा, जौनपुर। मंगलवार को थाना पुलिस को अन्तर्जनपदीय इनामिया अभियुक्त को क्षेत्र से अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। मामले में गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय को भेज दिया गया।
बतौर पुलिस गोरखपुर जनपद में पन्द्रह हजार का इनामिया व केराकत थाने में जालसाजी और चोरी समेत तमाम मामलों के अभियुक्त को अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय पुलिस 1किलो 600ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार किया गया अभियुक्त क्षेत्र के समसुद्दीनपुर गांव निवासी रंजीत कुमार पुत्र लालजी के रूप में निकला। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले में गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय को भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार समेत हमराही हेड कान्सटेबल लालधर यादव और कान्सटेबल राहुल मिश्रा शामिल रहे।
मारपीट में दो घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत नटौली गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गया। जिसमें दोनों पक्ष से दो लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद परिजनों ने उक्त घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां दोनों का प्राथमिक उपचार कराया गया।
क्षेत्र के नटौली गांव में जमीनी विवाद को लेकर सोमवार की देर शाम जमकर दो पक्षों में कहासुनी के दौरान मारपीट हो गया। जिसमें एक पक्ष से उक्त गांव निवासी 30वर्षीय जाहिद पुत्र इफ्तखार व दूसरे पक्ष से छिडवाभादी गांव निवासी 27वर्षीय समीर पुत्र अबुलैस गंभीर रूप से घायल हो गए। उक्त घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।
सभ्य समाज के निर्माण में शिक्षक की भूमिका सबसे अहम
जौनपुर धारा, खुटहन। शिक्षक समाज का आइना होता है, एक सभ्य और विकसित समाज के निर्माण में शिक्षक की भूमिका सबसे अहम होती है। उक्त बातें कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने शिक्षक दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यालय पिलकिछा में पूर्व राष्ट्रपति महामहिम सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण अर्पित करते हुए मंगलवार को कहा।
उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन सबको शिक्षित करने के पक्षधर थे, उनका मानना था यदि शिक्षक कुशल और योग्य हो तो एक विकसित राष्ट्र का निर्माण बड़ी आसानी के साथ हो जाता है। इस मौके पर पं.पवन शर्मा, युवा नेता रत्नेश यादव, विपिन शर्मा, छोटेलाल बिंद, भोला यादव, अवधेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
प्रधानाचार्य को सम्मानित किए जाने से शिक्षकों में खुशी
जौनपुर धारा, खुटहन। ग्राम विकास इण्टर कॉलेज में प्रधानाचार्य के पद पर रहकर बेहतर सेवा देने वाले अरविंद कुमार को शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर आयोजित समारोह में उत्कृष्ट प्रधानाचार्य सम्मान मिलने पर यहां के शिक्षकों ने एक दूसरे को मिष्ठान खिलाकर खुशी जााहिर किया है। प्रधानाचार्य ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक, एमएलसी प्रिंशू सिंह, टीडी कालेज के प्राचार्य आलोक सिंह आदि की मौजूदगी में मिले सम्मान पत्र ने मेरे भीतर और बेहतर करने की प्रेरणा को बल दिया है।



