- दो गैरजमानती वारंटी गिरफ्तारी
जौनपुर धारा, पवांरा। गैरजमानती वारंटी मस्तराम पुत्र सुक्खूराम व मेवालाल पुत्र बैजनाथ निवासीगण कुंवरपुर थाना पवांरा को थानाध्यक्ष राज नरायन चौरसिया, उपनिरीक्षक मंजय यादव ने हेड कान्सटेबल सर्वेश कुमार सिंह, आशीष यादव के साथ शुक्रवार की सुबह दोनों को उनके घर कुंवरपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
- गांव में बालक की ईमानदारी की चर्चा
जौनपुर धारा, जफराबाद। सिरकोनी ब्लाक क्षेत्र के बाकराबाद गांव में कौशिल्या देवी उम्र 65 वर्ष सुबह में अपने घर से टहलने के लिए निकली थी कि रास्ते में कहीं दोनों पैर की चांदी कि पायल गिर गयी। जब घर आकर महिला ने अपने दोनों पैरों की चांदी की पायल नहीं देखी तो महिला परेशान होकर तलाश में निकल पड़ी लेकिन पायल नहीं मिली। कुछ देर बाद वहीं गांव के आदर्श बेनबंशी पुत्र दिनेश कुमार बेनबंशी कक्षा सात का छात्र सुबह में वह भी टहलने के लिए गया था। रास्ते में दोनों पैर की चांदी की पायल को उठाया। जब उसको पता चला कि गांव की एक महिला की पायल गिरी है तो तुरंत आदर्श ने पायल महिला के घर पर जाकर लौटाया। चांदी की पायल पाकर महिला के चेहरे पर खुशी की रौनक जागी। वहीं गांव में आदर्श की ईमानदारी की चर्चा फैल गई।
- विश्वविद्यालय की परिसर परीक्षाएं 16 अगस्त से
जौनपुर धारा, जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में यूजी और पीजी की सेमेस्टर परीक्षाएं 16 अगस्त से शुरू होंगी जिसमें विभिन्न कक्षाओं की परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी।
विश्वविद्यालय में संचालित अलग-अलग कोर्सों की परीक्षा 16 अगस्त को सुबह 10 बजे से 1 बजे के बीच संपन्न होंगी जिसमें बीकॉम, बीफार्मा, बीएससी, एमएससी, एमए, एमएससी की परीक्षाएं होंगी। संचालित विषयों की अलग-अलग सेमेस्टर की परीक्षाएं 16 अगस्त, 18 अगस्त, 21 अगस्त, 23 अगस्त, 25 अगस्त, 26 अगस्त, 28 अगस्त और 29 अगस्त के बीच संपन्न कराई जाएंगी। यह परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 बजे से 1 बजे और शाम 2 बजे से 5 बजे के बीच संपन्न होगी। विश्वविद्यालय में संचालित सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी परीक्षाएं फॉर्मेसी भवन में कराए जाएंगे। परीक्षा कार्यक्रम में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। सभी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से 30 मिनट पहले पहुंचेंगे और साथ में प्रवेश पत्र लाना सभी छात्रों के लिए अनिवार्य होगा कि वजह से किसी छात्र की परीक्षा छूट जाती है तो दोबारा नहीं कराई जाएगी। यह जानकारी वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विद्यालय के परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह दी है।
- वार्षिकोत्सव व भंडारे का आयोजन
जौनपुर धारा, शाहगंज। नगर के पक्का पोखरा पश्चिमी कौड़िया मोहल्ला गुरुधाम कालोनी स्थित चतुर्भुज शिव पार्वती मन्दिर पर नौवां वार्षिकोत्सव एवं भव्य भण्डारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कानपुर से आये भजन गायकों कुमार मुकेश, आलिया शर्मा, शोनू गुप्ता ने प्रस्तुति दे शिव भक्तों को भावविभेर कर दिया। देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा। वहीं भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद रुपी भेजन ग्रहण किया।
इस दौरान राम पलट अग्रहरि, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि विरेन्द्र सिंह बंटी, समाजसेवी शीतल प्रसाद अग्रवाल, विरेन्द्र गुप्ता, बृजेश अग्रहरि पप्पू, संजय बरनवाल, धर्मेंद्र अग्रहरि, मनोज अग्रहरि, किशन अग्रहरि, अनिल साहू, सुनील साहू आदि मौजूद रहे।
- आंगनबाड़ी व सहायिका एसोसिएशन की बैठक में लिए गये महत्वपूर्ण निर्णय
जौनपुर धारा, जौनपुर। आंगनवाड़ी कर्मचारी व सहायिका एसोसिएशन की एक आवश्यक बैठक नवदुर्गा शिव मंदिर ओलंदगंज नखास में जिलाध्यक्ष एव वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें तमाम बिंदुओं पर चर्चा के साथ साथ संगठन की सदस्यता पर भी प्रकाश डाला गया।
बैठक में कहा गया कि पदोन्नति में भी काफी धांधली हुई है। 2017 में जिन आंगनवाड़ियों का नाम था किसी को लाभ नहीं मिला। संगठन और शासन से वार्ता में ये तय था कि 50 प्रतिशत पदोन्नति होगी उसके बाद भी मात्र 33 प्रतिशत ही पदोन्नति हुई जिसको लेकर आंगनवाड़ियों में काफी आक्रोश है। उनकी प्रमुख मांगों में समान कार्य सम्ाान वेतन लागू करे सरकार, हाई कोर्ट के आदेश के बाद भी मनमानी तरीके से गैर विभागीय कार्य कराए जा रहे है, अगर इस पर रोक नहीं लगाई गई तो संगठन विवश होकर धरना प्रदर्शन करेगा जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। संचालन महामंत्री मीनाक्षी शुक्ला ने किया। बैठक में रीता श्रीवास्तव, कंचन सिंह, किरन सिंह, मीना यादव, मंजू सिंह, चन्द्रकला, गीता सोनकर, माधुरी, सोनिया, जया साहनी, उर्मिला प्रजापति, ज्योति गौंड़, हिमाद्री दूवे, मीना, रागिनी गुप्ता, कृष्णा सिंह, रेखा मर्यादा, सुमन मिश्रा, पूनम यादव आदि उपस्थित रहीं।
- बीसी सखियां करेंगी डिजिटल भारत का निर्माण
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। विकास खंड धर्मापुर के ग्राम पंचायत सरेमु, सरैया, उत्तरगावा, सरसौड़ा में केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार की मंशानुरूप डिजिटल इंडिया के तहत डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने हेतु बीसी सखी जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीसी सखी ने समूह की महिलाओं को अपने कार्य के बारे में विस्तार बताने के साथ ही साथ आधार कार्ड से पैसा निकाल कर लोगों को दिखाया। इस मौके पर ब्लॉक मिशन प्रबंधक प्रीतम मौर्य, ऋषभ सिंह, बीसी सखी, पूनम, अनिता, नेहा तथा ग्राम प्रधान रामजीत, काशीनाथ के साथ समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
- बैठक 16 को
जौनपुर धारा, जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की जिला स्तरीय समन्वयन समिति की बैठक 16 अगस्त को सायं 5 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में किया जायेगा।
- रोजगार मेले में 836 को मिली नौकरी
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वाधान में मिशन रोजगार अभियान के अन्तर्गत कुल 17 निजी नियोजकों के सहयोग से 11 अगस्त को रोजगार मेले का आयोजन विधानसभा क्षेत्र बदलापुर के विकास खण्ड परिसर में किया गया, जिसमें विभिन्न कम्पनियों में प्रतिभागी अभ्यर्थियों की संख्या 2560 रहीं। इन कम्पनियों के द्वारा कुल 836 बेरोजगार अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न पदों पर किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को जिला सेवायोजन अधिकारी शशिकान्त सरोज ने बधाई दी और बेरोजगार अभ्यर्थियों को बताया कि उ.प्र. सरकार द्वारा संचालित मिशन रोजगार अभियान के तहत इस मेले का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं ने अपनी योग्यता व क्षमता के अनुरूप प्रतिभाग किया तथा रोजगार भी प्राप्त किया। भविष्य में जनपद के बेरोजगार अभ्यर्थियों के लिए रोजगार मेले का आयोजन प्रत्येक माह किया जाता रहेगा। रोजगार मेला प्रभारी शिवकुमार यादव एवं कौशल विकास मिशन के एमआईएस मैनेजर आदि उपस्थित रहे।



