मई-जून के लिये न्यायालयों का समय निर्धारित
जौनपुर धारा,जौनपुर। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने अवगत कराया है कि शासनादेश के प्राविधानों के अन्तर्गत भीषण गर्मी व लू की तीव्रता के दृष्टिगत जनपद जौनपुर में 01 मई से 30 जून 2024 तक सभी माल एवं फौजदारी के न्यायालय एवं उससे सम्बन्धित कार्यालयों का समय निर्धारित किया जाता है। न्यायालय का समय प्रातः 8.00 बजे से अपराह्न 2.00 बजे तक,जिसके मध्य पूर्वान्ह् 11.00 बजे से 11.30 बजे तक लंच का समय होगा।न्यायालय से सम्बन्धित कार्यालय यथा,राजस्व अभिलेखागार एवं न्याय अभिलेखागार का समय प्रातः 07.30 से अपरान्ह 02.30 बजे तक होगा। पूर्वान्ह 11.00 बजे से 11.30 बजे तक लंच का समय होगा। जनपद के अन्य सभी कार्यालयों का समय यथावत रहेगा।
घर में घुसकर चोरों ने कीमती आभूषण और दस हजार नगदी चुराया
जौनपुर धारा,जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र रामपुर सरसौड़ा गांव में घर में घुसे चोरों ने महिला के पर्स में रखे हुए कीमती आभूषण तथा दस हजार नगद चुरा लिए। जाते-जाते कर घर में लगा हुआ। मोबाइल भी चार्जर सहित उठा ले गए।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के रामपुर सरसौडा निवासी कलीम की बहन सना किसी वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए दो दिन पूर्व घर आई थी। उसने अपना आभूषण तथा दस हजार रुपए पर्स में अपने सिरहाने रख कर सोई थी। रात में किसी समय चोर दरवाजे की कुंडी उखाड़ कर घर में घुसे व सिरहाने रखा हुआ पर्स उठा ले गए। जाते-जाते महिला का मोबाइल भी चार्जर सहित उठा ले गए। पीड़िता के अनुसार पर्स में तीन सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन, एक सोने का मंगलसूत्र, तीन चांदी की पायल तथा दस हजार रुपए नगद रखे हुए थे। घटना की सूचना गौराबादशाहपुर थाने पर दे दी गई है।
टोलप्लाज़ा पर तोड़फोड़ के आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
जौनपुर धारा,जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के हौज टोलप्लाज़ा पर बुधवार की शाम को हुई तोड़फोड़ के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ज्ञात हो बुधवार को टोलप्लाज़ा से 150मीटर दूर मठिया गांव की तरफ जाने वाली सड़क पर एक चार पहिया वाहन से टोलटैक्स चोरी करने को लेकर दो लोगो ने मारपीट किया था। गांव के लोगों ने उन दोनों को टोलप्लाज़ा का कर्मी बताते हुए दर्जनों की संख्या में महिलाएं व पुरुषों की भीड़ ने टोलप्लाज़ा पर पथराव किया। जिसमें टोलप्लाज़ा का लाखों रुपए का नुकसान हुआ। केबिन, कार्यलय आदि का शीशा तोड़ दिया गया। उक्त मामले में गुरुवार को टोलप्लाज़ा के प्रबंधक बलिकरन दुबे ने तहरीर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाप्रभारी राजेश यादव ने बताया कि आरोपियों पर धारा 504,506 427 दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन्हें चिन्हित किया जा रहा है, सभी को गिरफ्तार कर कार्यवाही होगी।
सड़क दुर्घटना में एक युवक घायल
जौनपुर धारा,जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के गैरवाह गांव समीप सड़क दुघर्टना में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बीती रात बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।
सरपतहां थाना क्षेत्र के उक्त गांव निवासी 42वर्षीय सजीवन यादव पुत्र बृजमोहन यादव बुधवार की देर रात बाइक से घर जाते समय गांव के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से इलाज हेतु राजकीय चिकित्स्ाालय में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
पोखरा में डूबने से बालक की मौत
जौनपुर धारा,खेतासराय। क्षेत्र के कलापुर गांव में गुरुवार को दोपहर बाद पोखरा में नहाने गए एक बालक की डूबकर मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। उक्त गांव निवासी शकील अहमद का 8 वर्षीय पुत्र अली दोपहर बाद घर के पास एक पोखरा में नहाने चला गया। नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से वह डूबने लगा। अली को पानी में डूबते देख पास में बकरी चरा रहे लड़कों ने शोर मचाते परिजनों को सूचना दी। बालक को पानी से निकाल कर परिजन नगर के एक निजी अस्पताल ले आए। जहां डाक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया।