- मोपेड सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल
जौनपुर धारा, बदलापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में दवा लेने जा रहा अधेड़ अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक महराजगंज थाना क्षेत्र के सराय परड़ी गाँव निवासी एक अधेड़ लालजी निषाद अपनी मोपेट से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दवा लेने जा रहा था। वह अस्पताल गेट के पास मार्ग पर मुड़ते समय एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मार्ग पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहाँ डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
- चकबंदी अधिकारियों से दुर्व्यवहार, मारपीट व दस्तावेज फाड़ने की कोशिश
जौनपुर धारा, शाहगंज। खुटहन थाना थानान्तर्गत सौरइयां गांव में पानी टंकी के लिए भूमि चिन्हांकन को गई चकबंदी विभाग और जल निगम की टीम पर मनबढ़ लोगों ने हमला कर दिया। दुर्व्यवहार करते हुए सरकारी अभिलेख फाड़ने की कोशिश की गयी। टीम ने एसडीएम से इस बाबत शिकायत की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम शैलेन्द्र कुमार को दिए गए शिकायती पत्र में सीनियर इंजीनियर अतुल भार्गव चकबंदी कर्ता नंदलाल, चकबंदी लेखपाल विनोद कुमार ने बताया कि टीम एसडीएम के आदेशानुसार खुटहन ब्लॉक के सौरइया गांव में पानी टंकी की स्थापना के लिए भूमि का चिन्हांकन करने गई थी। चिन्हांकन के बाद टीम का आरोप है कि ग्राम प्रधान पति रामनयन यादव के उकसाने पर उनके पुत्र श्रवण कुमार, सौभाग्य व पवन कुमार पुत्र रामचेत आदि ने उनकी गाड़ी रोककर दुर्व्यवहार करते हुए वापस गांव में आने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। मनबढ़ युवकों ने सरकारी अभिलेख भी छीनने और फाड़ने की कोशिश की। गाड़ी में बैठे होने की वजह से टीम वहां से भाग निकली। टीम के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने एसडीएम और थानाध्यक्ष खुटहन से सीयूजी नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन मोबाइल उठा नहीं। सभी ने आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। इस बावत उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि मैंने लिखित आदेश खुटहन थानाध्यक्ष को भेज दिया है। लेखपाल तहरीर लेकर जाये मुकदमा दर्ज होगा। वहीं खुटहन थानाध्यक्ष योगेन्द्र सिंह ने कहा कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। इसलिए कोई मामला नहीं दर्ज हुआ है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाई की जायेगी। वहीं चकबंदी लेखपाल विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि एसडीएम के आदेश पर हम लोग मौके पर गये थे। घटना के बाद उन्हें यथास्थिति से अवगत करा दिया गया है।
- भूमि विवाद में मारपीट, तीन घायल
जौनपुर धारा,शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत निजमापुर गांव में जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में मारपीट में एक ही पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
क्षेत्र के निजमापुर गांव में शुक्रवार की दोपहर में जमीनी विवाद के चलते दबंगों ने 55 वर्षीय कौशिल्या देवी पत्नी कालीचरन, 32 वर्षीय विकेश कुमार पुत्र कालीचरन व 60 वर्षीय कालीचरन पुत्र चन्द्रिका प्रसाद को लाठी डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर मौजूद परिजनों ने उक्त घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। वही पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दे कार्रवाई की मांग की है।
- नगर पंचायत के प्लम्बर की करंट लगने से मौत
जौनपुर धारा, केराकत। नगर में लीकेज पाइप की मरम्मत करने गए नगर पंचायत कार्यालय के प्लम्बर की शुक्रवार को करंट लगने से मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर निवासी 26 वर्षीय आशिक गौतम नगर पंचायत में प्लम्बर कर्मचारी था। शुक्रवार को नगर के हनुमान मंदिर के पास पानी के पाइप का मरम्मत करने गया था। जानकारी के अनुसार नंगे पांव वह मरम्मत में जुट गया। उसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का फोन आ गया। बात करते करते वह पास में स्थित एक लोहे की सीढी पर बैठ गया। लोहे की सीढ़ी में बिजली का करंट उतरने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना नगर पंचायत कार्यालय पहुंची तो हड़कंप मच गया। कार्यालय के सभी कर्मचारी भाग कर मौके पर पहुंचे और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक आशिक गौतम का विवाह नहीं हुआ था। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। मृतक पांच भाइयों में चौथे नंबर का था।
- आई फ्लू के चलते काले चश्मे की बढ़ी मांग
जौनपुर धारा, सुइथाकला। ‘गोरे गोरे मुखड़े पे काला काला चश्मा ‘ गीत की रचना कर जहां गीतकार ने सौन्दर्यता में चार चांद लगाने वाले काले चश्मे को बढ़ावा दे दिया वहीं आज आई फ्लू ने बाजारों में काले चश्मे की मांग को ऊंचाइयों पर लाकर खड़ा कर दिया। आज उसकी मांग के चलते उसकी कीमतें आसमान छू रही हैं। गौरतलब हो कि अधिकांश लोग गर्मी के दिनों में धूप से अपनी आंखों को सुरक्षित रखने के लिए काले चश्मे का प्रयोग किया करते हैं, लेकिन आजकल आई फ्लू के इंफेक्शन ने बाजार में काले चश्मे की मांग को बढ़ा दिया है। हाई फाई दुकानों से लेकर फुटपाथ तक की दुकानों पर खरीदारी करते लोग नजर आ रहे हैं। आई फ्लू से पीड़ित लोगों की आंखें तेजी से जलन, खुजली और पानी गिरने के साथ ही लाल हो जा रही है जिसमें बच्चों से लेकर बूढ़े तक गिरफ्त में आ जा रहे हैं। जिसमें विशेषज्ञों द्वारा जरूरी सावधानियों के साथ ही संक्रमण रोकने के लिए आंखों पर काले चश्मे को लगाने की सलाह दी जा रही है जिसके तहत चश्मा घरों पर लोगों का जमावड़ा बढ़ता ही देखा जा रहा है। आई फ्लू के चलते जहां काले चश्मों की मांग बढ़ी हुई है वहीं दुकानदार इस तरह के चश्मों को डेढ़ सौ से सात सौ तक के कीमत में बेचते हुए नजर आ रहे हैं जिसकी कीमत शीशे की गुणवत्ता पर आधारित बताई जा रही है। फिलहाल आई फ्लू के संक्रमण से बचाव को लेकर काले चश्मे की मांग इन दिनों बाजार में बढ़ी हुई है।
- राज्यमंत्री निर्माण कार्य का करेंगे शिलान्यास
जौनपुर धारा, जौनपुर। प्रभारी अधिकारी प्रोटोकॉल ने अवगत कराया है कि राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव 5 अगस्त को अपरान्ह 1 बजे पनियरिया में त्वरित योजना के अंतर्गत आरईएस विभाग द्वारा पिच रोड निर्माण का शिलान्यास करेंगे। 6 अगस्त को प्रात: 9 से 11 तक जनसंपर्क कार्यालय पर जनसुनवाई करेंगे। 12 बजे मोहल्ला धरनीधरपुर में ऋषिकुल एकेडमी से महेन्द्र गुप्ता के मकान तक इन्टर लाकिंग व नाली निर्माण कार्य, मोहल्ला बड़कपुर में सुशील सिंह के मकान से नगीना देवी के मकान तक इन्टर लाकिंग व नाली निर्माण कार्य, विशेषरपुर चौराहे से घाट के पिच रोड से बाये तरफ कैलाश के घर से संजीव पाठक के घर तक इण्टरलाकिंग व नाली निर्माण कार्य, मोहल्ला श्री राम कालोनी, मियाँपुर बच्चन यादव के दुकान से नीलम त्रिपाठी के मकान तक इन्टरलाकिंग व नाली निर्माण कार्य, मोहल्ला कटघरा गोमती बिहार कालोनी में मुख्य मार्ग दीपक गुप्ता के घर से प्रेम निषाद के घर होते हुए विनोद तिवारी के घर तक सड़क व नाली निर्माण कार्य, जौनपुर शाहगंज मार्ग से लक्ष्मी हास्पिटल होते हुए सुनील यादव के घर तक इंटरलाकिंग व नाली निर्माण कार्य, मीरपुर में ऋषिकुल एकेडमी स्कूल से जमुना हरिजन बस्ती के घर तक इन्टर लाकिंग व नाली निर्माण कार्य, मोहल्ला वाजिदपुर उत्तरी खनाना बीर बाबा कालोनी वार्ड वाजिदपुर उत्तरी ध्रवराज मिश्र के मकान से मनोज राय के घर तक इन्टर लाकिंग व नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे।
- अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जौनपुर धारा, पवांरा। थाना क्षेत्र अन्तर्गत महेशगंज में 1 अगस्त की सुबह 11 बजे कुड़रिया गांव निवासी राजबहादुर का 11 वर्षीय पुत्र आदर्श पटेल सड़क पार करने के लिए खड़ा था कि इतने में मछलीशहर की तरफ से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर उससे जा टकराई जिससे वह गम्भीर रुप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सतहरिया पहुंचवाया गया जहां चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जिला अस्पताल न ले जाकर उसे प्रयागराज एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाये जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने घायल लड़के के चाचा की तहरीर के आधार पर वाहन चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गयी है।
- तीन हत्यारोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जौनपुर धारा, बरसठी। भूमि विवाद में लाठी डंडे से मारकर की गयी हत्या के आरोपी दंपति और उसके नाबालिक पुत्र को पुलिस ने चतुर्भुजपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही कर रही है। बीते शनिवार को भूमि विवाद को लेकर 32 वर्षीय फूलचंद को उसके चाचा चाची ने लाठी डंडे से पिटाई कर दिया था जिससे उसकी मौत हो गयी। हत्या में मृतक के चाचा लालचंद, चाची प्रमिला व नाबालिग कुनाल पर पुलिस धारा 323, 504, 506, 308, 304 का मुकदमा दर्ज कर तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस चतुर्भुज पुलिया के पास से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लाठी बरामद की गयी। गिरफ्तार करने में थानाध्यक्ष के साथ एसआई हरिश्चंद्र, सिपाही दिलशाद, अनुपमा, ओमप्रकाश, विजय प्रकाश शामिल रहे।



