Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नजर में...

खबरें एक नजर में…

  • मालगाड़ी की चपेट में आने से बृद्ध की मौत

जौनपुर धारा, मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी 62 वर्षीय तीर्थराज पटेल की गुरुवार को अपरान्ह करीब 3 बजे एक मालगाड़ी ट्रेन की चपेट मे आने से मौत हो गयी। बताते हैं कि तीरथ राज पटेल बादशाहपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे से रेलवे ट्रैक पार कर रहा था कि इतने में मालगाड़ी ट्रेन चलने लगी और तीरथराज के शरीर के दो टुकड़े हो गए और तत्काल मौत हो गयी।  स्टेशन अधीक्षक रामबली राम ने जीआरपी जंघई को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी भेज दिया।

  • बाइक सवार ने पैदल चल रहे अधेड़ को मारी टक्कर, मौत

जौनपुर धारा, खुटहन। बड़नपुर नहर पुलिया के पास बुधवार की शाम निमंत्रण से पैदल घर वापस लौटते समय पीछे से आ रही बाइक की टक्कर लग जाने से एक अधेड़ की मौत हो गई। वहीं साथ चल रहे युवक को भी हल्की चोटें आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम हेतु भेज दिया।

बताया जाता है कि ताजूपुर गांव निवासी 50 वर्षीय जसवंत और उनके पड़ोसी पिंटू सिंह शाम को मरहट गांव में एक निमंत्रण में शामिल होने गये थे जहां से रात लगभग साढ़े दस बजे वापस घर लौट रहे थे। उक्त नहर पुलिया के पास पीछे से तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने जसवंत को टक्कर मार दी जिससे वे सड़क पर गिर गये। उनके सिर में गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। साथ चल रहे पिंटू को भी हल्की चोटें आई। बाइक सवार अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।

  • जनपद के चार थाने प्रदेश के टॉप-10 सूची में

जौनपुर धारा, जौनपुर। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली के अन्तर्गत बुधवार को माह जुलाई की रैंक जारी हुई जिसमें पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा के नेतृत्व में एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल अधिकारी आईजीआरएस शैलेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में जनपद के 26 थानों ने प्रदेश के समस्त थानों में प्रथम स्थान प्राप्त किया गया है एवं प्रदेश के टाप-10 थानों में जनपद के 4 थानों को सम्मिलित किया गया है जो इनके कार्यकुशलता एवं उच्चकोटि के प्रदर्शन को प्रदर्शित करता है। प्रदेश के टाप-10 थानों में सम्मिलित थानों खुटहन, नेवढ़िया, पंवारा तथा मड़ियाहूँ शामिल हैं।

  • दो शातिर वारन्टी गिरफ्तार

जौनपुर धारा, केराकत। पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा द्वारा चलाये जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा के सफल पर्यवेक्षण में मारपीट के मुकदमे में वांछित चल रहे शातिर वारंटी शोभनाथ गौतम पुत्र राजाराम निवासी बलईपुर को घर से गुरुवार को प्रात: लगभग पाँच बजे गिरफ्तार कर लिया। वहीं क्षेत्र के ग्राम चकरारेत निवासी वारंटी नितेश यादव उर्फ टीपू पुत्र सुरेन्द्र यादव को देर शाम घर से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रवि सिंह, नागेंद्र सिंह, कांस्टेबल पुष्पेंद्र वर्मा, विनय यादव शामिल रहे।