- चोरों ने उड़ाया नकदी व गहना
जौनपुर धारा, जफराबाद। क्षेत्र के बीबीपुर गांव में गुरुवार की रात को चोर घर से नकदी सहित बॉक्स में रखा गहना उठा ले गए। उक्त गांव निवासी राजेन्द्र सिंह अपने घर के बरामदे में अकेले सो रहे थे। घर पर और कोई नहीं था। रात को चोर घर का दरवाजा खोल कर अंदर घुस गए। वहां से 17 हजार नकदी व गहने उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने बताया कि मामले कि जांच की जा रही है। चोरी का मामला प्रथम दृृष्टया संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।
- ट्रैक्टर की चपेट में आने से आंगनवाड़ी कार्यकत्री घायल
जौनपुर धारा, जफराबाद। क्षेत्र के कबूलपुर बाजार में शुक्रवार को ट्रैक्टर की चपेट में आकर एक 40 वर्षीय आंगनवाड़ी कार्यकत्री घायल हो गयी। लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजवाया।
जलालपुर क्षेत्र के रामदतपुर गांव निवासी सन्तोषी देवी अपने पड़ोसी के साथ दवा के लिए जौनपुर शहर जा रही थी। उक्त बाजार में उनकी बाइक के सामने से जा रहे ट्रैक्टर का चालक अचानक ट्रैक्टर को घुमा दिया जिसके कारण बाइक जाकर ट्रैक्टर से टकरा गई। बाइक पर बैठी सन्तोषी देवी गिर गयी उनके सिर तथा शरीर में काफी चोट आयी है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।
- खुटहन में रोजगार मेले का आयोजन 25
जौनपुर धारा, जौनपुर। निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन उ.प्र. के निर्देश के क्रम में जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वाधान में विधानसभा क्षेत्र शाहगंज के खण्ड विकास परिसर खुटहन में 25 जुलाई को प्रात: 10 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया गया है, जिसमें निजी क्षेत्र की कम्पनी महेन्द्रा ऑटो मैनपावर, पुखराज हेल्थ केयर प्रा.लि., सनशाई मैन पावर सर्विस, निमसोन हर्बल प्रा.लि., ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक प्रा.लि., शिवशक्ति बायो टेक्नोलॉजी सूर्या एलईडी बल्ब मैन्यूफेक्चरिंग, गुडविल इण्डिया मैनेजमेंट ग्रुफ ऑफ कम्पनी आदि के द्वारा सेल्स, मैनेजर, कम्प्यूटर आपेरटर, इलेक्ट्रिशियन आदि के पदों पर भर्ती करेंगी, जिनकी शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इण्टर, आईटीआई एवं स्नातक उत्तीर्ण आयु सीमा 18 से 35 वर्ष के अभ्यर्थियों को कैम्पस के माध्यम से सलेक्शन करेंगी। जिसमें अभ्यर्थी अपने योग्यतानुसार प्रतिभाग करते हुए, विभिन्न पदों पर साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार प्राप्त करें।
- मर्सी क्लब ने महिला थाने में किया पौध रोपण
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिले की उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा के सहयोग से शुक्रवार को जिले की अग्रणी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था द मर्सी क्लब ने महिला थाना लाइन बाजार में दर्जनों पेड़ थाना प्रभारी सरोज रानी की उपस्थिति में लगाए। इस मौके पर द मर्सी क्लब के चेयरमैन एजाज अहमद ने अपने क्लब के क्रिया कलाप से थाना प्रभारी को अवगत कराया। नगर अध्यक्ष अब्दुल सलाम ने अपनी टीम के साथ पौधे लगाने में सहयोग किया। उक्त अवसर पर कार्यकारी सदस्य राजेश सिंह, मोहम्मद खालिक, मनोज सेठ, जय सिंह राजपूत, फिरोज, शब्बीर, महिला थाने की कई कांस्टेबल, उद्यान विभाग से रविन्द्र सिंह सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
- जमीनी बंटवारे को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट, तीन घायल
जौनपुर धारा, जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के जमुवारी गांव निवासी चंद्रभान राय और राजन राय के बीच वर्षो पुराने जमीनी बंटवारे को लेकर गुरुवार की रात हुई मारपीट में तीन लोग घायल। सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद चंद्रभान राय 60 वर्ष, शैलेश राय 28 वर्ष और आदित्य राय 15 वर्ष को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जाता है की उक्त जमीन का मामला न्यायालय में चल रहा है। थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर रमेश कुमार का कहना है की चाचा भतीजा में विवाद हुवा था अभी तहरीर नहीं मिली है अगर तहरीर मिलती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- चयन/ट्रायल्स तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में राज्य कर्मचारियों के कल्याणार्थ खेल के विकास तथा शारीरिक संवर्धन हेतु सरकारी कर्मचारियों की खेल की सुविधा के लिए राज्य कर्मचारी कल्याण निधि से जिला/मण्डल/राज्य स्तरीय चयन/ट्रायल्स का आयोजन विभिन्न खेलों में पूर्वान्ह 10 बजे से किया जायेगा। इन्दिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में निर्माण कार्य होने के कारण समस्त चयन/ट्रायल्स तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा। जिला स्तर पर चयन/ट्रायल्स 8 अगस्त को किया जायेगा। जनपदीय चयन/ट्रायल्स में चयनित खिलाड़ी मण्डलीय चयन/ट्रायल्स जो 11-12 अगस्त को डॉ. भीमराव अम्बेडकर क्रीड़ा संकुल लालपुर वाराणसी में होगा। उक्त चयन/ट्रायल्स में वही खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे जो अपने कार्यालयाध्यक्ष अथवा विभागाध्यक्ष से चयन/ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति पत्र का प्रारूप भरकर साथ लायेंगे। राज्य स्तरीय चयन/ट्रायल्स उपरान्त राज्य स्तरीय टीम का गठन किया जायेगा। चयनित टीम अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। जिला/मण्डल/राज्य स्तरीय चयन/ट्रायल्स में भाग लेने हेतु सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी पर माना जायेगा। इस हेतु यात्रा-भत्ता आदि जैसी स्थिति हो का भुगतान उनके विभाग द्वारा किया जायेगा।



