- गांव की समस्या गांव में समाधान कार्यक्रम का दो गांवों मे हुआ आयोजन
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। शुकवार को स्थानीय विकासखंड धर्मापुर के ग्राम पंचायत बघन्द्रा और गोविंदपुर मनीहा में ग्राम की समस्या ग्राम में समाधान विषय पर जनचौपाल का आयोजन किया गया। बघन्द्रा में कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी काशीनाथ सोनकर और गोविंदपुर मनिहा में एडीओ पंचायत लालजी राम ने की। इस दौरान उन्होने कार्यक्रम में आये लोगो को सम्बोधित करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के लिये यदि अभी भी केवाईसी करवाने से वंचित रह गये हों तो तत्काल केवाईसी करवाना सुनिश्चित करें। एडीओ आईएसबी संजय श्रीवास्तव ने मौके पर शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास योजना, फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम, आयुष्मान योजना, एकल पाइप पेयजल योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन योजना, पंचायत कार्यालय से मिलने वाली सुविधाओं के विषय में लोगों को जानकारी दी। एडीओ एजी राम आजाद ने लोगों को कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं के विषय में बताया। ग्राम विकास अधिकारी श्रुति गुप्ता ने कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी। मौके पर चौपाल में आए शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख विमलेश यादव, सचिव धर्मेंद्र राय, अरविंद यादव, प्रधान नीरज यादव, ऊषा देवी, सुरेंद्र राजभर, लेखपाल, आंगनबाड़ी, आशा अन्य विभागों के कर्मचारी, अधिकारी और भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



