- 35 स्वयंसेवकों ने किया रक्तदान
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के सप्तम दिवस पर रक्तदान शिविर और समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवतावादी कार्य है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दर्शाती है। मुक्तांगन परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ कुलपति प्रो. वंदना सिंह और कुलसचिव केशलाल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशिकांत यादव और डॉ. अनुराग मिश्र ने स्वयं रक्तदान कर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। शिविर में कुल 35 स्वयंसेवकों ने रक्तदान कर मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। कुलसचिव केशलाल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना और राष्ट्रीय कैडेट कोर के स्वयंसेवकों का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है। इसके बाद आर्यभट्ट सभागार में समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रत्येक इकाई से पांच उत्कृष्ट स्वयंसेवकों को कुलपति और कुलसचिव द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराग मिश्र ने किया। इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ.अजय मौर्य, डॉ.विशाल यादव, डॉ.प्रमेन्द्र विक्रम सिंह, डॉ. शशिकांत यादव और डॉ.अनुराग मिश्र सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्वयंसेवक ईशांत यादव, अभिनव कीर्ति पांडेय, प्रियांशी मौर्य, सुमित सिंह, प्रिया मौर्य, प्रभात तिवारी, मनीष जायसवाल, हिमांशु मिश्रा, सानिध्य मिश्रा, मुस्कान यादव, संजना यादव, आदिया गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, संस्कृति अस्थाना समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



