Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरउद्यान विभाग द्वारा लगाया जायेगा सब्जी बीज का मेला

उद्यान विभाग द्वारा लगाया जायेगा सब्जी बीज का मेला

जौनपुर। जिला उद्यान अधिकारी ने अवगत कराया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनान्तर्गत जनपद में 170 हे.शंकर शाक भाजी सब्जी के लक्ष्य प्राप्त है। इसी क्रम में कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी परिसर में 10 नवम्बर को सब्जी बीज वितरण हेतु मेले का आयोजन किया गया है। जिसमें निदेशालय स्तर से इम्पैनल्ड कुल 19निर्माता कम्पनियों के प्रतिभाग करने की सम्भावना है। जनपद में 170 हे.क्षेत्रफल में शाकभाजी का विस्तार किया जाना है, जिन किसानों ने सब्जी की खेती के लिए पंजीकरण कराया है। वह आयोजित मेले में सब्जी बीज प्राप्त कर सकते है।

8 से 25 नवंबर तक बटेगा खाद्यान

जौनपुर। जिला पूर्ति अधिकारी ने अवगत कराया है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अन्तर्गत माह-नवम्बर 2025के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न का नि:शुल्क वितरण 08 से 25 नवम्बर 2025 के मध्य किया जायेगा।

जनपद के समस्त उचित दर दुकानों पर वन नेशन वन राशन कार्ड के तहत खाद्यान्न प्राप्त किये जाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 में अन्त्योदय अन्न योजना के अन्तर्गत अन्त्योदय कार्ड -धारकों के मध्य प्रति कार्ड पर 14किग्रा.गेहूँ व 21किग्रा.फोर्टिफाइड चावल (कुल 35 किग्रा.खाद्यान्न) का वितरण कराया जायेगा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अन्तर्गत आच्छादित पात्र गृहस्थी राशन कार्डों से सम्बद्ध यूनिटों पर 02 किग्रा.गेहूँ प्रति यूनिट एवं 03 किग्रा.फोर्टिफाइड चावल प्रति यूनिट (कुल 05 किग्रा.खाद्यान्न प्रति यूनिट) खाद्यान्न का नि:शुल्क वितरण सुनिश्चित किया जायेगा। खाद्यान्न के नि:शुल्क वितरण में पोर्टेबिलिटी ट्रान्जेक्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। विक्रेता अपने उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक पोर्टेबिलिटी ट्रान्जेक्शन कर सकेंगे। तत्क्रम में समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया जाता है कि नई ई-वेईंग लिंक्ड ई-पॉस मशीनों के माध्यम से लाभार्थियों/राशनकार्डधारकों में नियमानुसार खाद्यान्न का नि:शुल्क वितरण पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति में करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही अपनी उचित दर दुकानों पर उक्त योजना के सम्बन्ध में इसकी सूचना चस्पा करेंगे, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित न रह जाये।

फूल तोड़ने के लिए निकले थे ट्रेन की चपेट में आने से मौत

मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बादशाहपुर रेलवे स्टेशन के समीप वाराणसी प्रतापगढ़ रेल प्रखंड पर सुबह करीब सवा 6 बजे ट्रेन की चपेट में आने से फूल तोड़ने के लिए निकले वृद्ध की मौत हो गई। मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु रवाना किया।

मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के साहबगंज मोहल्ला निवासी श्रीराम गुप्त (60)पुत्र जगन्नाथ गुप्त प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी रेलवे फाटक के पास पेड़ों से फूल तोड़ने के लिए निकले थे। सुबह करीब सवा 6बजे रेलवे ट्रैक के पास से पैदल चलने के दौरान अचानक पैर फिसलने से प्रतापगढ़ से वाराणसी जा रही 14004मालदा टाउन एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु रवाना किया। इस बाबत थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी ली।

स्कार्पियो की टक्कर से बीकॉम छात्र की मौत, घर में मचा कोहराम

जौनपुर। वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को हौज पाही गांव के समीप एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय बीकॉम छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार हौज पाही गांव निवासी प्रकाश चौहान पुत्र फूलचंद चौहान का भांजा विशाल चौहान पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र चौहान, निवासी करंजाकला थाना सरायख्वाजा(जनपद सुल्तानपुर), बचपन से ही अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। वह टीडी कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र था। शुक्रवार की सुबह विशाल किसी काम से घर से निकला था। इसी दौरान हाईवे पर वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक कुछ दूरी पर अंडरपास के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जफराबाद श्रीप्रकाश शुक्ल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्कार्पियो को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय नगर के मोहल्ला साहबगंज निवासी 62 वर्षीय श्रीराम गुप्ता की शुक्रवार की भोर 5 बजे अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीराम गुप्ता प्रतिदिन की तरह भोर में टहलने गए थे। इलाहाबाद रोड की तरफ से फूल तोड़कर आ रहे थे जैसे ही वह रेलवे फाटक के पास पहुंचे ही थे वाराणसी से लखनऊ जा तेज रफ्तार की ट्रेन की चपेट में आ गए। जिससे वह रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े जिससे सिर में गंभीर चोट आई। जब तक लोग समझ पाते तब तक मौत हो गयी। घटना की जानकारी होते ही परिजन रोते विलखते रेलवे फाटक पर पहुंच गए। शव देखते ही परिजन फफक कर रो पड़े। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर शव को कब्जेमें लेकर अंत्य परीक्षण के लिए वाराणसी भेज दिया।

सरकारी चकरोड पर हो रहे अवैध शौचालय निर्माण को पुलिस ने रोका

ग्राम प्रधान और काश्तकारों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के सरैयां गांव में चकबंदी विभाग द्वारा एलॉर्ट की गई सरकारी चकरोड भूमि पर अवैध रूप से शौचालय निर्माण कराए जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के निर्देश पर हल्का प्रभारी उप निरीक्षक अनिल यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण करा रहे व्यक्तियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्य रुकवाया और सख्त चेतावनी दी कि यदि दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया गया तो प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष प्रकाश शुक्ल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर ग्राम प्रधान कैलाश नाथ एवं काश्तकारों ने सूचना दी कि गांव के ही अमित गौतम और जय प्रकाश द्वारा टावर के पास सरकारी चकरोड पर अवैध रूप से शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा दी गई सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण रोका गया है।

अपहरण, दुष्कर्म मामले में बेटे को 10 साल, पिता को 3 साल की सजा

जौनपुर। खुटहन निवासी इंटरमीडिएट की छात्रा का स्कूल से अपहरण कर उसके साथ दुराचार के दोषी संदीप कुमार को अपर सत्र न्यायाधीश उमेश कुमार द्वितीय ने 10 वर्ष कठोर कारावास एवं 38 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाया।

पीड़िता ने खुटहन थाने में 30 अगस्त 2023 को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराया। उसके मुताबिक वह 14 अगस्त 2023 को स्कूल पढ़ने गई थी। लंच के समय बगल का संदीप यह कहकर उसे बाइक से लेकर गया कि तुम्हारे पिता का एक्सीडेंट हो गया है। ऐसे में वह संदीप के बाइक पर बैठकर खुटहन बाजार आई। पीड़िता को बंदी बनाने के मामले में दोषी दुराचारी के पिता सभाराज को कोर्ट ने तीन वर्ष कठोर कारावास एवं तीन हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाया। अर्थदंड की समस्त धनराशि पीड़िता को देने का आदेश हुआ। वहां संदीप ने एक्सीडेंट की बात को नकारते हुए एक कपड़े की दुकान पर ले जाकर जींस टाप दिलवाया। स्कूली ड्रेस बदलवा दिया फिर बहला फुसला कर शाहगंज से ट्रेन में बैठाकर मुंबई अपनी निजी खोली में ले गया जहां उसका पिता सभाराज रहता था। दोनों ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया और कहा कि यह खोली तुम्हारा नाम कर दूंगा। इसके बाद संदीप ने जबरन उसके साथ दुराचार किया। संदीप के पिता उसे कमरे में बंद रखे थे। 22 अगस्त 2023 को जानकारी होने पर पीड़िता के पिता व मामा उसे ढूंढते हुए मुंबई संदीप के आवास पर पहुंचे तब संदीप व उसके पिता मौके से भाग गए। पीड़िता को घर लाया गया। पुलिस ने उसका मेडिकल व बयान कराया। सरकारी वकील राजेश उपाध्याय व कमलेश राय ने गवाहों को परीक्षित कराया। कोर्ट ने अपराध की प्रकृति, समाज पर पड़ने वाला प्रभाव, अपराध के कारण पीड़ित पक्ष पर हुए मानसिक सामाजिक व मनोवैज्ञानिक प्रभाव,पीड़िता की आयु, दोषी की आयु व उसकी मानसिक परिपक्वता पर विचार करते हुए पिता-पुत्र को दोषी पाते हुए दंडित किया।

मोबाइल से बात करने पर पति ने पत्नी को पीटा

जौनपुर। तेजी बाजार क्षेत्र के दांदूपुर गांव में शुक्रवार की सुबह मोबाइल फोन पर बात करने से क्षुब्ध होकर पति ने पत्नी को पीटकर घायल कर दिया। इससे आहत पत्नी की तहरीर पर पुलिस पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है।

गांव निवासी शहनाज बानो ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया कि सुबह वह मोबाइल फोन से मायके काल कर बात कर रही थी। पति साहिल इसी बात को लेकर उसे गाली देने लगा। आपत्ति पर पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद थाने जाने की बात कहने पर धमकी दी कि पुलिस से शिकायत करोगी तो जान से मार डालूंगा। तहरीर के आधार पर पुलिस आरोपित पति के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।