- लाश रखकर कर रहे थे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
जौनपुर धारा, जौनपुर। चौदह जून को क्षेत्र के सवायन गांव में दो गुटों में हुई मारपीट के दौरान घायल महिला की शनिवार की रात हुई मौत के मामले में 24 घंटे से ऊपर तक परिजन लाश रखकर गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। सोमवार सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर द्वारा मौके पर पहुंच कर आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई के साथ ही गिरफ्तारी के आश्वासन देने के बाद लाश का अंतिम संस्कार हो सका। सुभासपा अध्यक्ष ने क्षेत्राधिकारी शाहगंज शुभम तोदी से मामले की जांच स्थानीय थाने की जगह दूसरे थाने से कराने की बात कही। साथ ही आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन लिया। बता दें कि थाना क्षेत्र के सवायन गांव निवासी रामदास राजभर और रामअजोर दीक्षित में जमीनी विवाद चल रहा था। जिसे लेकर पिछले चौदह जून की सुबह दोनों पक्षों के बीच हल्की झड़प हो उठी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों गुटों से शांतिभंग को लेकर चालान कर मामले को शांत करने का प्रयास किया था लेकिन जमानत से वापसी में देर शाम दोनों गुट पुन: आमने-सामने हो गए और जमकर मारपीट हो गई जिसमें दोनों पक्षों के कुल 14 लोग घायल हो उठे। उसी में रामदास राजभर की पत्नी फिरता देवी भी घायल हो उठी थी। जिनका इलाज लखनऊ स्थित पीजीआई में चल रहा था जहां शनिवार को उसकी मौत हो गयी।



