Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरटीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधान सम्मानित

टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधान सम्मानित

जौनपुर। राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में जनपद स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को महात्मा गांधी की कांस्य, रजत और स्वर्ण रंग की प्रतिमा तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि जनपद में कुल 1734 ग्राम पंचायतों में से वर्ष 2025 में 208 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए जनभागीदारी और ग्राम स्तर पर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल सिंह यादव ने बताया कि ब्लॉक सिरकोनी की 8 तथा ब्लॉक सिकरारा की 9 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र व महात्मा गांधी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि पहली बार टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों को कांस्य, लगातार दो वर्ष टीबी मुक्त रहने पर रजत और तीन वर्ष लगातार टीबी मुक्त रहने वाली ग्राम पंचायतों को स्वर्ण रंग की प्रतिमा प्रदान की जाती है। इस अवसर पर ब्लॉक जलालपुर के ग्राम पंचायत कोहारी और ब्लॉक बरसठी के ग्राम पंचायत राघोपुर को वर्ष 2023, 2024 और 2025 तक लगातार तीन वर्षों तक टीबी मुक्त रहने पर ग्राम प्रधानों को महात्मा गांधी की स्वर्ण रंग की प्रतिमा व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम समन्वयक सलिल यादव, पीपीएम समन्वयक सुरेन्द्र कुमार, डीपीटीसी पियूष गुप्ता, लेखाकार लोकेश श्रीवास्तव सहित संबंधित ब्लॉकों के ग्राम प्रधान और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share Now...