जौनपुर। शाही किला रविवार को योगमय वातावरण का साक्षी बना, जहां 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लगभग तीन हजार लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
शासन के निर्देश पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों की बड़ी सहभागिता देखने को मिली। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्थी एजिंग” रही, जिसके माध्यम से लोगों को निरोग और दीर्घायु जीवन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के योग दिवस संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
पतंजलि योग समिति के सह राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति ने उपस्थित लोगों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, शशकासन, मकरासन और भुजंगासन सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास किया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और शीतली प्राणायाम भी कराया गया।
योगाभ्यास के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज वैश्विक पहचान प्राप्त कर ली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग विश्व के 200 से अधिक देशों तक पहुंचा है और करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं।
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य शिविर, हेल्थ डेस्क, पेयजल एवं फल वितरण की व्यवस्था की गई थी। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधों का वितरण भी किया गया। आकर्षक सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा, जहां जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने योग के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए तस्वीरें खिंचवाईं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों और स्वयंसेवकों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि योग सप्ताह के अंतर्गत 15 से 20 जून तक जनपद के विभिन्न स्तरों पर आयोजित कार्यक्रमों में 6.71 लाख से अधिक लोगों ने सहभागिता की, जो जिले में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और जनभागीदारी का प्रमाण है।


