एनसीसी कैडेटों ने पूरा किया सैन्य फायरिंग प्रशिक्षण। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में 98 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों ने सैन्य प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण गतिविधियों में हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कैडेटों को फायरिंग प्रशिक्षण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की भी जानकारी दी गई।
कैंप कमांडेंट कर्नल आलोक डी. सिंह के निर्देशन में आयोजित फायरिंग प्रशिक्षण सत्र में कैडेटों को हथियारों के सुरक्षित संचालन, लक्ष्य पर एकाग्रता और सटीक निशाना लगाने की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में कैडेटों ने सफलतापूर्वक फायरिंग परीक्षण पूरा किया।
शिविर में कैडेटों को मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट जैसी महत्वपूर्ण सैन्य गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और सैन्य दक्षता का विकास करना था।
इसके अलावा जनपद की ट्रैफिक पुलिस टीम ने भी शिविर में सहभागिता की। अधिकारियों ने कैडेटों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में जागरूकता की भूमिका पर विशेष बल दिया।
कैंप कमांडेंट कर्नल आलोक डी. सिंह और डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट नागेंद्र सिंह राठौर ने कैडेटों के अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण के प्रति उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर कृपाल सिंह, सूबेदार शांत राणा, सूबेदार मनोज सिंह, सूबेदार भिरगू यादव, बीएचएम राजीव, त्रिवेंद्र सिंह, आरिफ अली, हवलदार संजय कुमार, हवलदार प्रेमचंद और हवलदार तारा सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।


