- लोगों ने जमकर किया स्नान व दान, घाटों पर लगी जमघट
- बच्चों और युवाओं ने जमकर पतंगबाजी का उठाया लुत्फ
जौनपुर धारा, जौनपुर। मंगलवार को परंपरागत तरीके से मकर संक्रांति का पर्व मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सुबह आदि गंगा गोमती के विभिन्न घाटों पर स्नान किया। इसके बाद पूजन अर्चन कर ब्राह्मणों और गरीबों को खिचड़ी दान किया। इसके बाद घर पहुंच कर लाई, चूड़ा, पट्टी आदि का सेवन किया।

मकर संक्रांति पर बच्चों एवं युवाओं ने जमकर पतंगबाजी की। शहर सहित ग्रामीणों क्षेत्रों के कई लोगों ने मकर संक्रांति का पर्व मनाया। इसके शौकीनों ने बड़ी संख्या में पतंगें खरीदकर रखी थी। जैसे ही एक पतंग कट रही थी, वैसे ही वह दूसरी पतंग को उड़ाने लग रहे थे। मौसम खराब होने के बावजूद अलसुबह से ही पतंगबाजी का दौर शुरू हो गया जो देरशाम तक चलता रहा। भोर से ही स्नान के लिए लोग घाटों पर पहुंचने लगे थे। स्नान करने के बाद पूजन-अर्चन किया। इसके बाद गरीबों और ब्राह्मणों को दान किया। कई लोगों ने घर में स्नान कर पूजा-पाठ कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद लोगों ने लाई-चूड़ा और तिलकुट का सेवन किया। शाम को घरों में खिचड़ी बनाई गई। परिवार के लोगों ने खिचड़ी खाने के साथ ही इसका वितरण पास-पड़ोस के लोगों में किया। पर्व पर पतंगबाजी का चलन है। बच्चे और युवा सुबह ही परेता लेकर घर के आसपास मैदानों और घर की छत पर पहुंच गए थे। इसके बाद उनकी पतंगबाजी का सिलसिला शाम तक चलता रहा। पतंग उड़ाने में बच्चों के साथ ही तमाम युवा व उम्रदराज लोग भी मशगूल दिखे। जिले में जगह-जगह विशेष शिविर का आयोजन कर लोगों ने जरूरतमंदों में अन्न, वस्त्र व कंबल का वितरण कर पुण्य लाभ की कामना की। प्रात: स्नान के बाद लोगों ने परंपरा के मुताबिक चावल, उड़द की दाल व काली तिल को स्पर्श कर उसका दान किया।

यमराज बन उड़ता रहा चाईनीज मांझा, बेबस रहा प्रशासन
प्रतिबन्ध के बावजूद शहर में चारों ओर चाइनीज मांझा धड़ल्ले से आसमान में यमराज बनकर उड़ते रहें,जिससे यह प्रतीत होता है जानलेवा मांझो की बिक्री तेजी से होती रही और लोगों ने इसका जमकर उपयोग किया। जिसमें पुलिस के सारे पैतरे लाचार और बेबस दिखे, जबकि आसमान में उड़ती पतंग की डोर में चाइनीज मांझा ही नजर आया। पुलिस विभाग के अधिकारी मांझा समेत दो-चार को गिरफ्तार करने पर प्रेसवार्ता करते हुए अपनी पीठ थपथपाने का काम करते है। पुलिस के बेचने और खरदने वालों पर कार्यवाही का दावा भी फेल होता नजर आया। शहर में बच्चों से लेकर बड़े तक चाइनीज मांझा से पतंग उड़ा रहे हैं। चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक के बाद चाइनीज मांझा और महंगा हो गया है।
ठण्ड के बावजूद पतंगबाजों पर नहीं पड़ा कोई असर
मकर संक्रांति के मौके पर धूप नहीं निकली, ठंड, कोहरा व गलन के बीच लोगों ने पर्व का आनंद लिया। तापमान में वृद्धि होने से लंबे समय से ठंड झेल रहे लोगों की परेशानियां कम नहीं हुईं। मंगलवार को तो दोपहर बाद बादलों के बीच से थोड़ी देर के लिये सूर्य देवता ने दर्शन दिया लेकिन बूधवार को धूप दिखा ही नहीं, जिस कारण ठंड का असर तो खूब रहा लेकिन पतंगबाजों के जुनून के आगे ठण्ड का असर फीका साबित हुआ। बुधवार को भी देर शाम तक पतंगबाजी का सिलसिला चलता रहा। वहीं बड़े बुजुर्गों के सामने ठण्ड का कहर लगातार जारी रहा। लोगों ने अलाव, रूम हीटर, बोरसी आदि के सामने ही रहकर त्योहार का आनन्द लिया।
बच्चों में भी दिखा पतंगबाजी का उत्साह

मकर संक्रांति पर्व को लेकर जहां युवाओं में पतंग उड़ाने का उत्साह दिखा वहीं छोटे बच्चे भी किसी से पीछे नहीं रहे। बड़ों के साथ बच्चें भी पतंग बाजी को उत्सुक रहें ये अलग बात है कि वे अपने भावनाओं को व्यक्त नहीं कर सके लेकिन फिर हाथ में पतंग और डोरी इस बाद का संदेश जरूर दे रही थी कि वे अपने आप को युवाओं की श्रेणी में रखकर पतंगबाजी के मूड में है। हालांकि खराब मौसम के बावजूद जमकर पतंगबाजी का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
धूमधाम से मनाया गया लोहड़ी का पर्व
जौनपुर धारा,मड़ियाहूं। स्थानीय नगर के वाराणसी रोड स्थित श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में सोमवार शाम को लोहड़ी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। सिख समुदाय द्वारा हर वर्ष 13 जनवरी को लोहड़ी पर्व मनाया जाता है। इसको लेकर सिख समुदाय में खासा उत्साह रहता है। शाम को लोगों ने गुरुद्वारा पहुंचकर माथा टेका इसके बाद कार्यक्रम की शुरूआत हुई। गुरुद्वारा और घरों से लकड़ी लाकर सजाई गई और लोहड़ी जलाकर लोगों ने जलती आग का विधि विधान से फेरा लगाते हुए आग में मूंगफली, तिल, रेवड़ी, चावल डालकर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कवलजीत सिंह गब्बर, डॉक्टर परमजीत सिंह, स्वर्ण सिंह टिटू, शाहिद काफी संख्या में सिख समाज के लोग मौजूद रहे।
पतंग उड़ाने के चक्कर में बालक कुएं में गिरा
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ख्ानुवाई गांव में मंगलवार की सुबह पतंग उड़ाते समय एक बालक अनियंत्रित होकर कुंए मे गिरकर घायल हो गया। क्षेत्र के उक्त गांव निवासी 8 वर्षीय अर्पित पुत्र पप्पू मंगलवार मकर संक्रांति की सुबह गांव में पतंग उड़ा रहा था। पतंग उड़ाते समय अचानक अनियंत्रित होकर पैर कुएं में जाने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर शराबे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा गांव के ही युवक ने कुएं से बालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए दादर बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज चल रहा है। फिलहाल बच्चा खतरे से बाहर बताया जा रहा है।



