जौनपुर। मां शीतला चौकिया धाम एक्सप्रेस के संचालन की मांग को लेकर सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने वाराणसी मंडल के रेलवे प्रभारी रामनिवास यादव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जौनपुर जंक्शन से मुंबई और अमृतसर के लिए ‘मां शीतला चौकिया धाम एक्सप्रेस’ नाम से सीधी ट्रेन चलाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं और यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी।
स्थानीय धार्मिक स्थल के नाम पर ट्रेन चलाने की मांग
मां शीतला चौकिया धाम एक्सप्रेस की मांग उठाते हुए शीतला धाम चौकिया के आशीष माली ने कहा कि देश के कई प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के नाम पर ट्रेनें संचालित हैं, लेकिन जौनपुर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां शीतला चौकिया धाम के नाम पर अब तक कोई ट्रेन संचालित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी ट्रेन शुरू होने से देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।
स्टेशन पर सूचना पट्ट लगाने का भी अनुरोध
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से जौनपुर रेलवे स्टेशन पर मां शीतला चौकिया धाम का दिशासूचक बोर्ड तथा मंदिर की दूरी संबंधी सूचना पट्ट लगाने की भी मांग की। उनका कहना है कि इससे पहली बार आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा होगी।
रेलवे प्रभारी ने दिया आश्वासन
रेलवे प्रभारी रामनिवास यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि स्टेशन परिसर में मां शीतला चौकिया धाम से संबंधित सूचना पट्ट लगाने के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेन संचालन संबंधी मांग को उच्च रेलवे अधिकारियों तक भेजा जाएगा ताकि नियमानुसार उस पर विचार किया जा सके।
इस अवसर पर महेंद्र प्रसाद सोनकर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टंडन, सोमेश्वर केसरवानी, राजमणि यादव, राधेरमण जायसवाल, रामआसरे मौर्य, छब्बूलाल सोनकर, संजय माली, पप्पू सोनकर, रामकुमार साहू, सुरेश सोनकर, संतोष अग्रहरि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


