जौनपुर। शिक्षक एमएलसी एवं समाजवादी नेता प्रतिपक्ष लालबिहारी यादव ने सरायख्वाजा के जंगीपुर कला स्थित रघुवर गंगा स्मारक बालिका विद्यालय में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि सरकार आरक्षण व्यवस्था को समाप्त करना चाहती है। साथ ही पुरानी पेंशन बहाली और वित्तविहीन शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने की मांग को भी सरकार नजरअंदाज कर रही है।
लालबिहारी यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार, घोटाले और लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। कई विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार उन्हें भरने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने कहा कि बीएड, बीटीसी, पीएचडी, नेट और जेआरएफ जैसे उच्च शिक्षित युवा भी बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं, जिससे उन्हें परिवार चलाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने परीक्षा प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि परीक्षा के पेपर अवैध रूप से बाजार में बिक रहे हैं और शिक्षकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
लालबिहारी यादव ने समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी सोशल मीडिया और फोटो खिंचवाने में व्यस्त है, जबकि जमीन पर जनता की सेवा कम हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं को वित्तीय सहायता और राशन देकर वोट खरीदने की कोशिश कर रही है, जबकि युवाओं को नौकरी और रोजगार की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, घोटाले, भेदभाव और बेरोजगारी को समाप्त करने के लिए समाजवादी पार्टी को सत्ता में लाना जरूरी है।
सभा में उपस्थित शिक्षकों से उन्होंने उनकी समस्याएं साझा करने का आग्रह भी किया।
इस दौरान प्रबंधक डॉ. जगन्नाथ प्रसाद यादव, समाजसेवी राजदेव यादव, मंगरूराम मौर्य, जयहिंद यादव, उदयराज विश्वकर्मा, डॉ. ओमप्रकाश यादव, रामानंद यादव, डॉ. जोगेंद्र प्रसाद यादव, आलोक यादव, अजय यादव, संतोष कवि, उमाशंकर और चंदन यादव सहित कई लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन राजेंद्र यादव ने किया।



