Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजौनपुर में दो स्थानों पर पुलिस मुठभेड़, चार बदमाश गिरफ्तार

जौनपुर में दो स्थानों पर पुलिस मुठभेड़, चार बदमाश गिरफ्तार

जौनपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुई पुलिस मुठभेड़ों में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और दो लाख पचपन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।


तेजीबाजार-बदलापुर पुलिस की पहली मुठभेड़

पुलिस के अनुसार पहली मुठभेड़ तेजीबाजार और बदलापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने कलिंजरा पुलिया के पास नाकाबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में राहुल यादव निवासी सरौली थाना तेजीबाजार के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ा गया। दूसरा आरोपी विपिन पाल निवासी करसावा थाना सरायख्वाजा भागते समय गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।


सरायख्वाजा-बक्सा पुलिस की दूसरी मुठभेड़

दूसरी मुठभेड़ सरायख्वाजा और बक्सा थाना पुलिस की संयुक्त टीम के साथ छबिलेपुर से छुन्छा गांव जाने वाले मार्ग पर छुन्छा पुलिया के पास हुई। यहां भी संदिग्ध बदमाशों को रोकने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में गुडलक तिवारी निवासी खानपुर थाना सिंगरामऊ के दाहिने पैर में तथा शशांक सिंह उर्फ साहिल निवासी आहोपुर थाना सिंगरामऊ के बाएं पैर में गोली लग गई। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।


असलहा, बाइक और नकदी बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक पिस्टल, दो तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और 2.55 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अवैध असलहा की खरीद-फरोख्त में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है।


फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दो अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीमों के साथ हुई मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।

घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है तथा फरार अभियुक्तों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share Now...