- शोर मचाने पर ग्रामीणों ने एक बदमाश को किया पुलिस के हवाले, पुलिस ने छोड़ा
- पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर धारा, सिकरारा। स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव लखेसर में शनिवार की बीती रात नौ बजे के करीब तीन अज्ञात बदमाश एक व्यक्ति के घर पहुंच गए और उसका दरवाजा पीटने लगे यह सुनकर घर में सोए वृद्धि दंपति ने जब दरवाजा खोला तो लात घुसे से उसकी पिटाई करने लगे। वृद्धि दंपत्ति ने जब शोर मचाने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने कट्टा निकाल कर माथे पर सटा दिया। लेकिन तब तक गांव के लोग भारी संख्या में पहुंचने लगे, वहीं खुद को गांव से घिरता देख बदमाश भागने लगे। घटना के विषय में मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी गिरजा शंकर तिवारी का जमीनी विवाद अपने ही भतीजे शरदचंद से चल आ रहा है। शरद चंद्र द्वारा मारने-पीटने की नियत से तीन बदमाशों को पहले से ही अपने घर में बुलाकर छुपाया था, जब लोग खा-पीकर सो गए तब तीनों बदमाश एक साथ निकल गिरजाशंकर के दरवाजे पर पहुंच गए और उनका दरवाजा पीटने लगे। यह सुनकर गिरजा शंकर ने ज्यो ही दरवाजा खोला तीनों बदमाश उनको व उनकी पत्नी को लात घुसे से पिटाई करने लगे। अपने को पीटता देख दोनों दंपत्ति ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। उनके चिल्लाने की आवाज को शान्त कराने के लिये एक बदमाश ने कट्टा निकाल कर गिरजा शंकर के माथे पर सटा दिया। लेकिन तब तक गांव के लोग लाठी डंडा लेकर पहुंचने लगे अपने को घिरता देख बदमाश भागने लगे। जिसमें से एक ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन पुलिस ने यह कहकर छोड़ दिया कि सभी लोग सुबह पुलिस चौकी पर आ जाना। सुबह होने पर पीड़ित द्वारा भीलमपुर चौकी पहुंचकर चौकी इंचार्ज को लिखित प्रार्थना पत्र देकर उक्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई। इस संबंध में पूछने पर चौकी इंचार्ज संजय कुमार ने कहा कि दोनों पट्टीदार हैं, जमीनी संबंधी विवाद को लेकर हल्की सी मारपीट हुई थी। पीड़ित पक्ष द्वारा प्रार्थना पत्र मिला है। विपक्ष को बुलाकर मामले की जांच की जा रही है। लेकिन ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए बदमाश को पुलिस द्वारा क्यों छोड़ दिया यह चर्चा का विषय बना हुआ है। क्योंकि उक्त तीनों बदमाश बाहरी थे।



