Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरJaunpur News Roundup: हत्या, सड़क हादसे, गिरफ्तारी और ठगी समेत जिले की...

Jaunpur News Roundup: हत्या, सड़क हादसे, गिरफ्तारी और ठगी समेत जिले की 8 बड़ी खबरें

जौनपुर। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को गुरुवार को तीन अलग-अलग मामलों में सफलता मिली। सरायख्वाजा और शाहगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारण्टी, पॉक्सो एक्ट के वांछित तथा अपहरण के मामले से जुड़े एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना सरायख्वाजा पुलिस ने वारण्टी अभियुक्त समरबहादुर यादव पुत्र नागेश्वर यादव निवासी हरबसपुर थाना सरायख्वाजा को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक निखिलेश तिवारी, कांस्टेबल अरुण यादव और महिला कांस्टेबल प्रीति चौहान शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में थाना सरायख्वाजा पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित अभियुक्त आलोक कन्नौजिया पुत्र अखिलेश कन्नौजिया निवासी बडऊर थाना सरायख्वाजा को मुखबिर की सूचना पर लपरी चौराहे से गिरफ्तार किया। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, कांस्टेबल सोनू यादव तथा कांस्टेबल आशुतोष तिवारी शामिल रहे। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं थाना शाहगंज पुलिस ने अपहरण के मामले में वांछित अभियुक्त आमिर खान पुत्र जहीर निवासी बीरी समसुद्दीनपुर थाना खुटहन को नायरा पेट्रोल पंप निजामापुर शाहगंज के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा लिया गया, जिसमें गिरफ्तार अभियुक्त की भूमिका सामने आई थी। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामविचार और कांस्टेबल मनीष कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। तीनों मामलों में पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 6.62 लाख की ठगी, चार पर मुकदमा

खुटहन। गजेंद्रपुर गांव के एक युवक से सिंगापुर में नौकरी दिलाने के नाम पर 6.62लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पवन सिंह नाम के युवक ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की मुलाकात सूरत में सुजानगंज निवासी उमाशंकर सिंह से हुई थी। उमाशंकर और उसके साथियों ने पवन को सिंगापुर की एक कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अलग-अलग बार में कुल 6,62,450 रुपये ले लिए। आरोपियों ने पवन को एक फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। जब पवन नौकरी जॉइन करने पहुंचा, तो पता चला कि उस नाम की कोई कंपनी ही नहीं है। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की और पैसा लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इस मामले में पुलिस ने उमाशंकर सिंह, नीलम सिंह, चंद्रभान सिंह और अभय प्रताप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।

रसूलहा गांव में युवक ने पंखे से फंदा लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

जौनपुर। जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के रसूलहा गांव में बीती रात एक युवक ने घर के अंदर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, रसूलहा गांव निवासी 28वर्षीय सौरभ सेठ, पुत्र विजय सेठ, ने अज्ञात कारणों के चलते देर रात अपने कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक कमरे का दरवाजा बंद रहने पर परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा खोला गया तो सौरभ का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने पर नेवढ़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि सौरभ अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों की जमानत याचिका खारिज

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला करने और घर में तोड़फोड़ करने के तीन मुख्य आरोपियों को न्यायालय से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने मामले की गंभीरता और पीड़ित पक्ष की दलीलों को देखते हुए आरोपी पन्नालाल, विशाल कुमार और निलेश की जमानत याचिका निरस्त कर दी है।

गौरतलब है कि बीती 3मार्च को करीब एक दर्जन दबंगों ने पतहना गांव में एक परिवार के घर में घुसकर धारदार हथियारों, लोहे की रॉड और सरियों से हमला किया था। इस हिंसक घटना में महेंद्र यादव, जयप्रकाश, प्रदीप, संदीप, सुषमा, प्रीतम, निर्मला और उर्मिला गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमलावरों ने न केवल परिवार को मरणासन्न कर दिया, बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले। इसके अलावा बाहर खड़ी गाड़ियों और घर के दरवाजे-खिड़कियों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घायलों में से तीन की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें वाराणसी रेफर किया गया था, जहां उनका उपचार अब भी जारी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। न्यायालय में पीड़ित पक्ष की ओर से अधिवक्ता अशोक यादव (पनियरिया) ने प्रभावी पैरवी की। उन्होंने कोर्ट के समक्ष ठोस साक्ष्य पेश करते हुए आरोपियों की जमानत का कड़ा विरोध किया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने अपराध की प्रकृति को गंभीर मानते हुए तीनों आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अधिवक्ता अशोक यादव ने बताया कि अब आरोपियों को जमानत के लिए हाईकोर्ट की शरण लेनी होगी। जमानत निरस्त होने के बाद पीड़ित परिवार ने न्याय की उम्मीद जताते हुए राहत की सांस ली है।

दो विकास परियोजनाओं को मंजूरी, 2.79 करोड़ रुपये होंगे खर्च

जौनपुर। राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव के प्रयास से जनपद में 2.79 करोड़ रुपये की दो विकास परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इसमें मियापुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर के विकास के लिए 113.75लाख रुपये तथा डेरायुसूफ में कान्हा गौशाला निर्माण के लिए 165.89 लाख रुपये की प्रशासनिक व वित्तीय मंजूरी दी गई है।

वंदन योजना के तहत गोमती तट पर स्थित प्राचीन श्री राम जानकी मंदिर में अवस्थापना और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। यह मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और लंबे समय से इसके जीर्णोद्धार की मांग की जा रही थी। वहीं कान्हा गौशाला एवं बेसहारा पशु आश्रय योजना के तहत डेरायुसूफ में बनने वाली गौशाला में करीब 500 गोवंशों के लिए शेड, वेटनरी क्लिनिक, चारा गोदाम और बायो गैस प्लांट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले की धार्मिक विरासत को संरक्षण मिलेगा और बेसहारा पशुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी।

पॉक्सो एक्ट के आरोपी को केराकत पुलिस ने किया गिरफ्तार

केराकत। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केराकत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने एक नाबालिग के साथ हुए अपराध और डराने-धमकाने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय चालान किया है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी समीर उर्फ गोलू, जो एक किराने की दुकान चलाता है, पर एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर उसके साथ गलत काम करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस मामले में पीड़िता की माता द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया था। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 26.03.2026 को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी समीर उर्फ गोलू पुत्र लालमन निवासी ग्राम सरोज बड़ेवर को उसके घर के सामने से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3) तथा 5रु/6 पॉक्सो एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।

युवक की हत्या मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार

अब तक पांच दबोचे, हथियार भी बरामद

जौनपुर। थाना जलालपुर क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू, बेंत, लाठी और लोढ़ा भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 25 मार्च को अरविंद चौहान पुत्र रामदेव चौहान निवासी ग्राम संघईपुर, थाना जलालपुर (वर्तमान पता जमुआ, थाना सिकरारा) ने थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि उनके पुत्र आशीष उर्फ चिघड़ू की हत्या कर दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने विवेक चौहान पुत्र रामबली चौहान और अविनाश पुत्र राजेश चौहान निवासी ग्राम संघईपुर, थाना जलालपुर को 26 मार्च की सुबह करीब 7:30 बजे उषा मलारी इंटरप्राइजेज सादीपुर के पास से गिरफ्तार किया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त एक चाकू, एक बेंत, एक लाठी और एक लोढ़ा बरामद हुआ। इसके बाद तीसरे अभियुक्त बाबूराम चौहान पुत्र स्वर्गीय हंसलाल चौहान निवासी संघईपुर को उसी दिन करीब 10:55 बजे गुमटहिया मार्केट महिमापुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आशीष उर्फ चिघड़ू की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे, हेड कांस्टेबल हरिशंकर कुमार, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल श्याम प्रकाश वर्मा और कांस्टेबल आलोक सिंह शामिल रहे।

24 घंटे में तीन सड़क हादसे, मजदूर समेत तीन की मौत

जौनपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बीते 24घंटे के भीतर हुए सड़क हादसों में एक मजदूर सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

पहली घटना मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बसिरहा गांव के पास हुई। सुजानगंज थाना क्षेत्र के मोहरियांव गांव निवासी 22 वर्षीय रोहित अपने मित्र 30 वर्षीय संदीप के साथ बाइक से मछलीशहर में लगे प्रदर्शनी मेले को देखने आया था। बुधवार देर रात घर लौटते समय मछलीशहर-सुजानगंज मार्ग पर बसिरहा गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक समेत गड्ढे में जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि संदीप को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दूसरी घटना बरसठी क्षेत्र के निगोह बाजार के पास हुई। जयरामपुर गांव निवासी 60 वर्षीय शेरअली बाइक से निगोह बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह मस्जिद के पास पहुंचे, सामने से आ रहे 18 वर्षीय सुनील कुमार निवासी गोरापट्टी रामपुर की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने शेरअली को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनील की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया।

वहीं तीसरी घटना मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र में सुजानगंज मार्ग पर बिलोई गांव के पास बुधवार सुबह करीब नौ बजे हुई। यहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। सुजानगंज थाना क्षेत्र के सैदानी गांव निवासी 30 वर्षीय कृष्ण कुमार गौतम अपने साथी 28 वर्षीय लालजी गौतम के साथ बाइक से मकान की शटरिंग के काम पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर अमांव निवासी 17 वर्षीय सौरभ गौड़ और 20 वर्षीय पप्पू कुमार सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान मजदूर कृष्ण कुमार की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

Share Now...