Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरभारतीय वायुसेना में अग्निवीर वायु भर्ती के लिए आवेदन शुरू

भारतीय वायुसेना में अग्निवीर वायु भर्ती के लिए आवेदन शुरू

जौनपुर। भारतीय वायुसेना ने अग्निवीर वायु (खेल) इनटेक 2/2026 के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह ने बताया कि विंग कमाण्डर, एयरमैन सेलेक्शन सेंटर, एयर फोर्स स्टेशन, कानपुर द्वारा भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है।

इस भर्ती में एथलेटिक्स, बास्केटबाल, बॉक्सिंग, शतरंज, क्रिकेट, साइकिल पोलो, साइकिलिंग, फुटबॉल, गोल्फ, जिम्नास्टिक, हैंडबाल, हॉकी, कबड्डी, लॉन टेनिस, शूटिंग, स्क्वैश, तैराकी/डाइविंग, वॉलीबाल, वाटर पोलो, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती और वुशु जैसे खेलों के उत्कृष्ट खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 23 से 29 मार्च, 2026 तक होगा। केवल अविवाहित पुरुष अभ्यर्थी जिनका जन्म 2 जुलाई 2005 से 2 जनवरी 2009 के बीच हुआ हो, आवेदन के पात्र हैं। अभ्यर्थियों का खेल परीक्षण 8 से 10 अप्रैल, 2026 के मध्य नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षक के रूप में तैनाती का अवसर

जौनपुर। क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह ने जानकारी दी है कि खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार राज्य के 15 खेलों के 35 छात्रावासों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों/प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी।

इन खेलों में हॉकी, तैराकी, वॉलीबाल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल-टेनिस, बास्केटबाल, कबड्डी, कुश्ती, बॉक्सिंग, हैंडबाल और जूडो शामिल हैं। चयनित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रतिमाह रू0 1.50 लाख मानदेय मिलेगा। जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रशिक्षण प्रदान करने के इच्छुक हैं, वे निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र 10 अप्रैल, 2026 तक जमा कर सकते हैं। आवेदन जिला खेल कार्यालय, जौनपुर या क्षेत्रीय खेल कार्यालय, वाराणसी में किया जा सकता है।

नाबालिग किशोरी को भगा ले जाने के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

खुटहन। थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। किशोरी के परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर अंतत: थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

किशोरी की मां ने थाने में तहरीर दी कि गत 17 मार्च को वह किसी काम से बाजार गई थी। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर डिहियां गांव निवासी मंगल उर्फ मंगरू ने उनकी 17 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने आरोपी से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने कॉल नहीं उठाया। थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में भी दबिश दे रही है। स्थानीय लोग और परिजन किशोरी की सुरक्षित वापसी की कामना कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को किशोरी के बारे में कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

ऊंचगांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, जांच में जुटी पुलिस

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के ऊंचगांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार मनीषा (25)पत्नी प्रदीप को दौरे की बीमारी थी। बताया गया कि गुरुवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन पहले उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे बदलापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका का मायका सुलतानपुर जनपद के कादीपुर थाना क्षेत्र के पड़ेला गांव में बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष ने भी पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र सिंह ने पुलिस बल के साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुरानी रंजिश में अधिवक्ता पर हमला, छ: लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के छबीलेपुर लखनपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक अधिवक्ता पर हमला करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में गांव के ही छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिविल कोर्ट के अधिवक्ता आनन्द कुमार ने लाइन बाजार थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने छबीलेपुर स्थित एलेक्जेंडर एजुकेशनल एकेडमी में फायर फाइटिंग मशीन लगवा रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते गांव के राज, कौशल, सहाना, अंजू, सैदुन देवी और साक्षी गोलबंद होकर वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उक्त लोगों ने अधिवक्ता को गेट पर ही पटककर मारपीट की। शोर सुनकर वहां काम कर रहे मजदूरों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि नामजद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सपा प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को सौंपा दो लाख रुपये का सहायता चेक

जौनपुर। मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फूलपुर निवासी ललई यादव की दबंगों द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक परिवार को सौंपा।

जि़लाध्यक्ष राकेश मौर्य के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में विधायक मल्हनी लकी यादव, पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान, सदर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, मल्हनी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष निज़ामुद्दीन अंसारी तथा युवा नेता धीरज बिंद शामिल रहे। इस दौरान जि़लाध्यक्ष राकेश मौर्य, विधायक लकी यादव और पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान ने संयुक्त रूप से कहा कि समाजवादी पार्टी हर पीड़ित के साथ तन, मन और धन से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

वरुणा-बसुही नदी किनारे अवैध खनन से बढ़ा संकट, ग्रामीणों में आक्रोश

जौनपुर। सुरेरी क्षेत्र के लगभग डेढ़ दर्जन गांवों में इन दिनों वरुणा और बसुही नदी के किनारे हो रहे अवैध खनन से गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। खासकर राईपुर, मलेथू, हीरापट्टी, सुरेरी, कोचारी, भानपुर, जगदीशपुर और परमालपुर जैसे गांव इस समस्या से सीधे प्रभावित हो रहे हैं।

वहीं बसुही नदी किनारे बसे अड़ियार, कठवतिया, नूरपुर, सरायडीह, पट्टी जिया, जामडीह, काकोपुर, पट्टीभरत राय और कमरुद्दीनपुर सहित कई गांवों में भी अवैध खनन के कारण नदी के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार खनन से नदी की धारा कमजोर हो रही है और किनारों का कटाव तेजी से बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खनन विभाग, पुलिस और खनन माफियाओं की मिलीभगत से दिन-रात जेसीबी और ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू और मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार राईपुर गांव में खनन कारोबारियों ने लगभग 10 फीट गहरा गड्ढा खोदकर बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाल ली है। यह गड्ढा सुरेरी-भदोही मुख्य मार्ग के किनारे लगभग 5 से 10 एकड़ क्षेत्रफल में फैला है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए भी खतरा बना हुआ है।

केराकत में महिला की संपत्ति पर अवैध कब्जे का आरोप, कई लोगों पर मुकदमा दर्ज

केराकत। थाना क्षेत्र के ग्राम थानागद्दी में एक महिला की खरीदी हुई संपत्ति पर अवैध कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता सुनीता देवी, पत्नी विजय बहादुर विश्वकर्मा, ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 25 जून 2024 को आराजी संख्या 586 की भूमि व मकान पंजीकृत बैनामे के जरिए खरीदा था। 3 जनवरी 2025 को सक्षम न्यायालय द्वारा उक्त संपत्ति का नामांतरण भी उनके पक्ष में कर दिया गया था और लेखपाल की जांच में भी उनका वैध अधिकार पाया गया है। आरोप है कि 20 मार्च 2026 की रात सौरभ उपाध्याय, लक्ष्मी उपाध्याय, शुभम उपाध्याय समेत दो अज्ञात लोग कार से पहुंचे और मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। पीड़िता का कहना है कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास मौजूद है। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Share Now...