जौनपुर में महिलाओं के लिए नि:शुल्क ब्यूटी प्रशिक्षण
जौनपुर। महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा शहर में एक माह की नि:शुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया है।
यह कार्यशाला टीडी कॉलेज दक्षिणी गेट के पास स्थित टिप-टॉप ब्यूटी पार्लर में आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चियां उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।
मुख्य अतिथि ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्यामा तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि बबीता सिंह ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। प्रशिक्षिका सीमा गुप्ता ने बताया कि प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही हर सप्ताह प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिससे प्रतिभागियों में सीखने का उत्साह बना रहे। कार्यक्रम में डॉ. पूनम सिंह, राधिका सिंह सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।



