जौनपुर। जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत प्राथमिक विद्यालय सदरूद्दीनपुर, विकासखंड बक्सा में नामांकन अभियान उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.गोरखनाथ पटेल स्वयं गांव पहुंचे और घर-घर जाकर बच्चों का नामांकन कराया तथा अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान कुल 25 बच्चों का नामांकन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अध्यापकों ने नव नामांकित बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें किताबें, कॉपी तथा पेंसिल वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी, ग्राम प्रधान विंध्यवासिनी उपाध्याय, समस्त अध्यापक, गांव के सम्मानित नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने की अपील की।
कंपोजिट विद्यालय आदर्श केराकत में ‘नव आरंभ, कार्यक्रम आयोजित
केराकत। नगर के वार्ड शेखजादा द्वितीय स्थित कंपोजिट विद्यालय आदर्श में बुधवार को शैक्षिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर ‘नव आरंभ, कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत नवागत छात्र-छात्राओं के स्वागत के साथ हुई। मुख्य अतिथि सभासद मनोज कुमार यादव ने विद्यालय में पहली बार प्रवेश लेने वाले बच्चों को माला पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही बच्चों को कॉपी, पेंसिल, रबर, कटर और ‘ज्ञान भारतीÓ पुस्तक सहित शैक्षिक सामग्री का किट प्रदान किया गया। इस अवसर पर सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रगति पत्र (रिपोर्ट कार्ड) वितरित किए गए। अगली कक्षा में प्रोन्नत होने की खुशी बच्चों और अभिभावकों के चेहरों पर साफ झलक रही थी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहियुद्दीन अंसारी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अभिभावकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक और अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। साथ ही उन्होंने सभासद और सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की प्रगति में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों के लिए विशेष भोज की व्यवस्था की गई, जिसमें उन्हें भोजन के साथ स्वादिष्ट खीर परोसी गई। वहीं कार्यक्रम में आए अभिभावकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
फोटो – 09
काली पट्टी बांध शिक्षकों ने मनाया ‘काला दिवस’, पुरानी पेंशन बहाली की मांग

जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) के आह्वान पर बुधवार को जनपद जौनपुर सहित पूरे प्रदेश में शिक्षकों व कर्मचारियों ने एनपीएस और यूपीएस के विरोध में ‘काला दिवस’ मनाया। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यालयों में अपनी बाहों पर काली पट्टी बांधकर सरकार के प्रति विरोध जताया और पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग उठाई।
जिला इकाई के पदाधिकारियों के नेतृत्व में शिक्षक जिला मुख्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। बीआरपी इंटर कॉलेज में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि वर्ष 2005 में पुरानी पेंशन समाप्त कर एनपीएस लागू किया गया और अब 2025 से यूपीएस को विकल्प के रूप में लाया गया है, लेकिन दोनों योजनाएं कर्मचारियों के भविष्य के लिए सुरक्षित नहीं हैं। कार्यकारी जिला अध्यक्ष रितेश कुमार ने कलेक्ट्रेट में एसडीएम (अतिरिक्त) को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया जाए और पुरानी पेंशन बहाल की जाए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. चंद्र सेन ने भी एनपीएस और यूपीएस को कर्मचारियों के भविष्य के साथ अन्याय बताया। ज्ञापन में पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षा के निजीकरण पर रोक, सहायता प्राप्त विद्यालयों का राजकीयकरण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने तथा आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द जारी करने की मांग की गई।
स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली, नवप्रवेशी छात्रों का हुआ स्वागत

जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के चकताली गांव स्थित इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। ग्राम प्रधान एवं विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के नेतृत्व में आयोजित रैली में छात्रों ने नारे लगाते और ड्रम बजाते हुए पूरे गांव का भ्रमण किया तथा अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराने के लिए प्रेरित किया।
रैली ग्राम प्रधान के आवास से होते हुए पुन: विद्यालय पहुंची, जहां कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत किया गया और मौके पर ही कई बच्चों का नामांकन भी कराया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरित किए गए, वहीं कक्षा 5 के छात्रों को भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान पति सर्विंद यादव, गणमान्य अभिभावक कमलेश यादव तथा प्रधानाध्यापिका डॉ. उषा सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया। एसएमसी सदस्य रेखा प्रजापति ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर कक्षा 1 से 5 तक के मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण पत्र और रिजल्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान पति सर्विंद यादव, एसएमसी अध्यक्ष रीता देवी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रसोइया और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



