Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजौनपुर क्राइम अपडेट : पांच अभियुक्त गिरफ्तार, सड़क हादसे में रेलवे कर्मी...

जौनपुर क्राइम अपडेट : पांच अभियुक्त गिरफ्तार, सड़क हादसे में रेलवे कर्मी की मौत, सिपाही निलंबित

पुलिस का अभियान जारी, अलग-अलग मामलों में पांच अभियुक्त गिरफ्तार

जौनपुर। अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जौनपुर पुलिस को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सफलता मिली है। पुलिस ने दुष्कर्म, आर्म्स एक्ट और वारंट से जुड़े मामलों में कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

सुजानगंज थाना पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त धर्मेन्द्र गौतम निवासी अंगराह थाना महराजगंज को हरिपुर बाजार मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। वहीं खुटहन थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुईथाखुर्द पुल के पास से मैनुद्दीन निवासी ढढ़वारा खुर्द थाना शाहगंज को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

इसके अलावा सरायख्वाजा थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में सोचन बिंद, रामचन्दर और फिरतु नामक तीन वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।


खड़े डंफर से टकराई बाइक, रेलवे कर्मी की मौत

मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के पास सड़क किनारे खड़े डंफर से टकराकर बाइक सवार रेलवे कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुजानगंज थाना क्षेत्र के बसरही गांव निवासी शरद तिवारी (40) के रूप में हुई है, जो जंघई रेलवे स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे।

सोमवार रात ड्यूटी से घर लौटते समय उनकी बाइक सड़क किनारे बिना लाइट के खड़े डंफर से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल शरद तिवारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


अवैध तमंचा और कारतूस के साथ अंतरजनपदीय बदमाश गिरफ्तार

खुटहन थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान अंतरजनपदीय बदमाश मैनुद्दीन को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी जौनपुर और प्रतापगढ़ जनपद में हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में वांछित है।


गर्भाशय कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण शुरू

खुटहन क्षेत्र में महिलाओं को गर्भाशय कैंसर से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अगले तीन माह तक स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को प्राथमिकता के आधार पर टीका लगाएगी।


वाहन चेकिंग के दौरान महिला से बदसलूकी पर सिपाही निलंबित

सुरेरी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान महिला से कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।


लापरवाही में तीन पुलिसकर्मी निलंबित

ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने सरपतहा थाने के हेड कॉन्स्टेबल महफूज हाशमी, लाइन बाजार थाने के कॉन्स्टेबल परितोष सिंह और सुरेरी थाने के कॉन्स्टेबल हिमांशु राव को निलंबित कर दिया है।


युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

केराकत तहसील क्षेत्र के ब्राह्मणपुर झमका गांव में 18 वर्षीय युवक आदित्य राजभर ने आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


कार और ऑटो की भिड़ंत में तीन घायल

मछलीशहर क्षेत्र के मड़ियाहूं रोड पर कार और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में पति-पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पॉक्सो मामलों में दो दोषियों को सजा

ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत अदालत ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े दो मामलों में आरोपियों को कठोर सजा सुनाई है। एक आरोपी को आजीवन कारावास और दूसरे को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा दी गई है।

Share Now...