जौनपुर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दहेज हत्या, चोरी, पेड़ कटान और नदी में डूबने जैसी कई घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने कुछ मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य मामलों की जांच जारी है।
दहेज हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार
खुटहन। पुराअंधरी गांव में 26 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव मिलने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को मंगलवार भोर में गिरफ्तार कर लिया।
मड़ियाहूं क्षेत्र के डेडारपुर गांव निवासी अजय कुमार यादव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 27 वर्षीय बहन सुनीता का विवाह लगभग दस वर्ष पूर्व पुराअंधरी गांव निवासी उमेश यादव से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही उमेश दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था।
पीड़ित पक्ष के अनुसार 26 मार्च की रात उमेश ने सुनीता की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बिस्तर पर लिटा दिया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और गौसपुर बाजार के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
खेत से सिंचाई का मोटर और पाइप चोरी
खुटहन। सुतौली गांव में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने खेत में लगे सिंचाई उपकरणों को चोरी कर लिया।
पीड़ित किसान उदयप्रताप सिंह के अनुसार चोर खेत में लगा दो केवीए का मोनोब्लॉक मोटर और लोहे की पाइप उठा ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
मंगलवार सुबह खेत पर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आधी रात सागौन के पेड़ काट रहे तस्करों को ग्रामीणों ने दौड़ाया
जफराबाद। सखोई गांव के जंगल में सोमवार आधी रात कुछ लोग सागौन के पेड़ काट रहे थे। मशीन की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो तस्कर बाइक और मोबाइल छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार गोमती नदी के बेलाव घाट के पास लल्लन सिंह के बाग में चार सागौन के पेड़ काटे जा चुके थे और दो अन्य पेड़ काटे जा रहे थे।
ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक और मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गोमती नदी में डूबे व्यक्ति का शव मिला
जफराबाद। स्थानीय नावघाट पर सोमवार को डूबे मुरारपुर गांव निवासी श्यामबहादुर चौहान का शव मंगलवार सुबह कल्याणपुर टांडी गांव के पास मिला।
बताया गया कि श्यामबहादुर एक वृद्धा के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। अंतिम संस्कार के बाद वह गोमती नदी में नहाते समय डूब गए थे।
पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने काफी खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह उनका शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



